परिवहन विभाग का विशेष अभियान, अनियमितता मिलने पर तीन ई-रिक्शा डीलरशिप सील

Spread the love

अमित कुमार 

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में संचालित ई-रिक्शा डीलरशिपों द्वारा मोटर वाहन अधिनियम एवं संबंधित नियमों के अनुपालन की जांच के लिए परिवहन विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया। अभियान का संचालन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा एवं सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा के नेतृत्व में जगजीतपुर क्षेत्र में किया गया।अभियान के दौरान विभिन्न ई-रिक्शा डीलरशिपों का निरीक्षण कर वैध ट्रेड सर्टिफिकेट (ट्रेड सर्टिफिकेट) तथा अग्रिम कर (एडवांस टैक्स) भुगतान से संबंधित अभिलेखों की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान कई प्रतिष्ठानों में आवश्यक दस्तावेजों एवं वैधानिक औपचारिकताओं में अनियमितताएं पाई गईं। जांच में गंभीर अनियमितताएं सामने आने पर परिवहन विभाग ने तीन ई-रिक्शा डीलरशिपों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई करते हुए उनके प्रतिष्ठानों को सील कर दिया। वहीं चार अन्य प्रतिष्ठान निरीक्षण के दौरान बंद मिले तथा उनके स्वामी अनुपस्थित पाए गए। ऐसे मामलों में विभागीय कार्रवाई के तहत नोटिस प्रतिष्ठानों के शटरों पर चस्पा कर निर्धारित समयावधि में स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि बिना वैध ट्रेड सर्टिफिकेट एवं निर्धारित करों का भुगतान किए वाहन व्यवसाय का संचालन मोटर वाहन अधिनियम एवं नियमावली का उल्लंघन है। विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी नियमित निरीक्षण एवं सख्त प्रवर्तन कार्रवाई जारी रहेगी।

अभियान में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) निखिल शर्मा, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) नेहा झा, परिवहन कर अधिकारी मुकेश भारती, संभागीय निरीक्षक आनंद वर्धन सहित परिवहन विभाग की टीम मौजूद रही। परिवहन विभाग ने सभी ई-रिक्शा विक्रेताओं एवं वाहन डीलरों से अपील की है कि वे ट्रेड सर्टिफिकेट की शर्तों, कर भुगतान एवं अन्य सभी वैधानिक प्रावधानों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *