अमित गुप्ता
हरिद्वार। आगामी हरिद्वार कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य एवं सुव्यवस्थित स्वरूप देने के लिए उत्तराखंड सरकार व्यापक स्तर पर तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं सुगम दर्शन व्यवस्था सुनिश्चित करने के साथ-साथ अखाड़ों और संत समाज के साथ लगातार संवाद स्थापित कर उनकी अपेक्षाओं एवं सुझावों के अनुरूप व्यवस्थाओं को आकार दे रही है। यही कारण है कि संत समाज में आगामी कुंभ को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दे रहा है तथा वे सरकार के प्रयासों और प्रतिबद्धता की खुलकर सराहना कर रहे हैं।
कुंभ मेला-2027 का सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं समय-समय पर विभिन्न अखाड़ों, संतों और धार्मिक संगठनों से संवाद कर तैयारियों पर उनका मार्गदर्शन एवं सुझाव प्राप्त कर रहे हैं। राज्य सरकार ने कुंभ के भव्य आयोजन के लिए शंकराचार्यों को औपचारिक आमंत्रण भेजने के साथ-साथ अखाड़ों एवं साधु-संतों के प्रमुख संगठनों से भी निरंतर संपर्क बनाए रखा है।संत समाज से प्राप्त सुझावों और मार्गदर्शन के आधार पर मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार विभिन्न व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि यह महाआयोजन अपनी आध्यात्मिक गरिमा और उत्कृष्ट व्यवस्थाओं के लिए यादगार बन सके। कुंभ क्षेत्र में इन दिनों बड़े पैमाने पर स्थायी आधारभूत ढांचे का विकास किया जा रहा है। सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, पार्किंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं से संबंधित अनेक कार्य तेजी से संचालित हैं। साथ ही अस्थायी व्यवस्थाओं को भी चरणबद्ध एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने की कार्ययोजना पर प्रभावी अमल किया जा रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका के नेतृत्व में मेला प्रशासन के अधिकारी विभिन्न अखाड़ों के प्रमुखों एवं संत-महात्माओं से लगातार संपर्क कर उनकी आवश्यकताओं और सुझावों को समझ रहे हैं।
अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती तथा मेला प्रशासन के अधिकारियों ने हाल ही में विभिन्न संतों एवं अखाड़ा प्रतिनिधियों से भेंट कर कुंभ मेला-2027 की तैयारियों की विस्तृत जानकारी साझा की। भेंटवार्ता के दौरान संतों को साधु-संतों के लिए प्रस्तावित अस्थायी शिविरों, आधारभूत सुविधाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी दी गई। साथ ही राज्य सरकार की प्रतिबद्धता का उल्लेख करते हुए कुंभ आयोजन को सफल बनाने के लिए संत समाज से मार्गदर्शन, सहयोग और समन्वय का आग्रह किया गया। संतों ने भी विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में अपने सुझाव साझा किए और आयोजन को अधिक प्रभावी तथा श्रद्धालु-हितैषी बनाने पर चर्चा की। संत समाज ने एक स्वर में कहा कि आगामी वर्ष हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ मेला आस्था, अध्यात्म और भारतीय संस्कृति का विराट उत्सव होगा। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा समय रहते की जा रही तैयारियों तथा संत समाज के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की पहल की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। संतों ने कहा कि सभी अखाड़े और संत समाज हरिद्वार कुंभ-2027 को लेकर अत्यंत उत्साहित हैं तथा इस पावन अवसर की उत्सुकता से प्रतीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार, मेला प्रशासन और संत समाज के संयुक्त प्रयासों से यह कुंभ मेला दिव्यता, भव्यता और सुव्यवस्था के नए मानक स्थापित करेगा। संत समाज ने मेला प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा देते हुए कहा कि सभी अखाड़े और धार्मिक संगठन आपसी समन्वय एवं सामंजस्य बनाए रखते हुए आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि कुंभ केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत की आध्यात्मिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता का विराट प्रतीक है। ऐसे में इस महाआयोजन को ऐतिहासिक बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।












Leave a Reply