टीबी मुक्त चम्पावत अभियान को मिली नई गति, 40 मरीजों को मिली निक्षय पोषण किट

Spread the love

रमेश राम

चम्पावत। जनपद चम्पावत में टीबी मुक्त भारत अभियान को जनभागीदारी से मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान 40 क्षय रोगियों को निक्षय पोषण किट वितरित की गई। जिलाधिकारी  मनीष कुमार एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान स्वयं निक्षय मित्र बनकर मरीजों की सहायता के लिए आगे आए। कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने उपचाररत टीबी मरीजों को पोषण सहायता उपलब्ध कराने का विषय जिलाधिकारी के समक्ष रखा। इस पर जिलाधिकारी ने तत्काल पहल करते हुए सभी विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मरीजों के सहयोग हेतु आगे आने का आह्वान किया।  प्रशासन की इस पहल से प्रेरित होकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सहयोग करते हुए 40 मरीजों के लिए निक्षय पोषण किट उपलब्ध कराईं। इन किटों में दाल, प्रोटीन युक्त खाद्य सामग्री, पौष्टिक अनाज सहित अन्य आवश्यक पोषण सामग्री शामिल की गई है, जिससे मरीजों को उपचार के दौरान बेहतर पोषण मिल सके। इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि टीबी के सफल उपचार में दवाओं के साथ संतुलित एवं पौष्टिक आहार की भी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने नागरिकों से निक्षय मित्र बनकर टीबी मुक्त चम्पावत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि टीबी मुक्त भारत अभियान केवल स्वास्थ्य विभाग का कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और सामूहिक उत्तरदायित्व का अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। जनता मिलन कार्यक्रम में की गई यह संवेदनशील पहल न केवल उपचाररत मरीजों के लिए पोषण सहायता का माध्यम बनी, बल्कि समाज में सहयोग, सेवा और जनभागीदारी का सकारात्मक संदेश भी प्रसारित किया। प्रशासन की इस पहल को टीबी मुक्त चम्पावत के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *