एस गुप्ता
हरिद्वार। प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में कांग्रेस एक माह का जनजागरूकता अभियान चलाएगी। अभियान के तहत पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बूथ स्तर तक पहुंचकर युवाओं से संवाद करेंगे तथा उन्हें इस मुद्दे पर जागरूक करेंगे। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के आह्वान पर यह अभियान पूरे जनपद में चलाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार लगातार हो रहे पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने में विफल रही है। इससे वर्षों तक प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है और उनमें निराशा बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि मेहनत के बावजूद परीक्षाएं रद्द होने से अनेक युवा मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा रद्द होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इससे सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। उनका दावा था कि पेपर लीक रोकने के लिए बनाए गए नकल विरोधी कानून भी अपेक्षित परिणाम नहीं दे पाए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने कहा कि शिक्षा देश के भविष्य की आधारशिला है, लेकिन प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का विश्वास कमजोर हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था पर माफियाओं का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी और मनोज सैनी ने कहा कि सरकारी विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की संख्या में लगातार कमी चिंता का विषय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की आरक्षण व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास कर रही है, जिसके विरोध में कांग्रेस आंदोलन चला रही है। प्रेस वार्ता में सुनीता सिंह, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान, सत्यपाल शास्त्री, मोहन राणा, तीर्थपाल रवि, अशोक धींगान, यशवंत सैनी सहित अनेक कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












Leave a Reply