सहकारिता मंत्रालय के 5 वर्ष पूरे: उत्तराखंड में वृक्षारोपण अभियान तेज, 2 लाख किसानों को मिलेगा शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण

Spread the love

अमित गुप्ता

हरिद्वार। केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय की स्थापना के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के तहत रविवार को हरिद्वार जिला मुख्यालय स्थित जिला सहकारी बैंक परिसर में भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने जनप्रतिनिधियों के साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे और पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण का आह्वान किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में स्थापित केंद्रीय सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 29 जून से 6 जुलाई तक देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अवधि में किसान गोष्ठियों, सहकारिता सम्मेलन और वृक्षारोपण अभियान के माध्यम से पूरे देश में एक करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उत्तराखंड में भी प्रत्येक जिले और सहकारी समिति स्तर पर व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में लगभग 30 लाख किसान सहकारिता विभाग से जुड़े हैं। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार इस वर्ष 2 लाख किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध करा रही है। डॉ. रावत ने बताया कि सहकारिता क्षेत्र में हुए सुधारों के परिणामस्वरूप प्रदेश के सभी सहकारी बैंक अब करीब 300 करोड़ रुपये के शुद्ध मुनाफे में हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं के विस्तार के लिए इस वर्ष प्रदेश में 55 नई बैंक शाखाएं खोली जाएंगी। उन्होंने कहा कि किसानों की आय बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से सरकार ‘खेत बचाओ अभियान’ को तेजी से आगे बढ़ा रही है। साथ ही उत्तराखंड में जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों को ऑर्गेनिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। कार्यक्रम का संचालन जिला सहकारी बैंक लिमिटेड हरिद्वार के प्रशासक एवं निबंधक सहकारी समितियां उत्तराखंड आनंद ए.डी. शुक्ल ने किया। अतिथियों का स्वागत जिला सहायक निबंधक मोनिका चुनेरा तथा जिला सहकारी बैंक हरिद्वार के सचिव एवं महाप्रबंधक सौ सिंह ने किया। इस अवसर पर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, महापौर किरण जैसल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, राज्य मंत्री मधु सिंह, ओमप्रकाश जमदग्नि, देशराज कर्णवाल, आदेश सैनी, विकास तिवारी, सुशील त्यागी, विभिन्न सहकारी समितियों के पदाधिकारी, किसान, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *