आम महोत्सव में बोले मुख्यमंत्री—एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी, हिमालय ब्रांड से मातृशक्ति के उत्पादों को मिल रही वैश्विक पहचान
अमित गुप्ता
हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हरिद्वार में आयोजित आम महोत्सव में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और किसानों एवं बागवानी से जुड़े लोगों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने फलदार पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम महोत्सव में शामिल होकर उन्हें गौरव और प्रसन्नता का अनुभव हो रहा है।
हरिद्वार के आम स्वाद और गुणवत्ता के मामले में किसी से कम नहीं हैं। विभिन्न प्रजातियों के आमों की प्रदर्शनी उत्तराखंड की समृद्ध बागवानी क्षमता को प्रदर्शित करती है। उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले की तैयारियों के बीच आयोजित यह महोत्सव किसानों और बागवानी क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है।
किसानों की आय बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की मेहनत और पसीने का सम्मान करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार किसानों की आय बढ़ाने और कृषि एवं बागवानी को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। कृषि और बागवानी को बढ़ावा देने के लिए एप्पल मिशन के तहत 70 से 80 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जा रही है।इसके अलावा कीवी मिशन, ड्रैगन फ्रूट उत्पादन, महक क्रांति तथा सुगंधित एवं औषधीय पौधों पर आधारित उद्योगों को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक रूप से तैयार परफ्यूम की देश-विदेश में मांग लगातार बढ़ रही है।
हिमालय ब्रांड से मातृशक्ति को मिली पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में शुरू किए गए ‘हिमालय ब्रांड’ के माध्यम से उत्तराखंड की मातृशक्ति द्वारा तैयार उत्पादों को देश और दुनिया में नई पहचान मिल रही है। बेहतर गुणवत्ता और आकर्षक पैकेजिंग के कारण राज्य के स्थानीय उत्पादों की ब्रांड वैल्यू लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून सहित कई ऐतिहासिक फैसले लिए हैं। सरकार का संकल्प है कि सभी वर्गों के बच्चों को आधुनिक, गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा के अवसर उपलब्ध हों।
हरिद्वार को विकास की नई पहचान बनाने का संकल्प
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतत विकास, कृषि, बागवानी, मत्स्य, पर्यटन, निवेश और खनन सहित अनेक क्षेत्रों में उत्तराखंड देशभर में अग्रणी राज्य के रूप में उभर रहा है।
खनन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए भारत सरकार द्वारा राज्य को 200 करोड़ रुपये का पुरस्कार भी दिया गया है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार को विकास की तेज रफ्तार यात्रा में और आगे बढ़ना होगा। विकास कार्य किसी भी परिस्थिति में रुकने नहीं चाहिए। आम महोत्सव जैसे आयोजन कृषि, बागवानी और किसानों को नई पहचान देने के साथ स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष स्वामी यतीश्वरानंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और दूरदर्शिता से प्रदेश में विकास और मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का कार्य तेजी से हो रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से मिशन-2027 की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा ने किया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा और प्रदीप बत्रा, पूर्व मंत्री करतार सिंह भड़ाना, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, मेयर हरिद्वार किरण जैसल, मेयर रुड़की अनीता अग्रवाल, अपर सचिव बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौजूद रहे।












Leave a Reply