हरिद्वार में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

Spread the love

डीएम मयूर दीक्षित ने किया ध्वजारोहण, स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान

अमित कुमार

हरिद्वार। जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, देशभक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। जिला मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य समारोह में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण किया। इससे पूर्व देशभक्ति गीत ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन किया गया। समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों के संघर्ष, त्याग एवं बलिदान को कृतज्ञतापूर्वक याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर शहीदों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया, जिसके कारण आज हम स्वतंत्र भारत में स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों एवं शहीदों के सपनों को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने दायित्वों का निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ

जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर रहने वाले व्यक्ति तक पहुंचाया जाए, ताकि उसे विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि आमजन अपनी समस्याओं और कार्यों को लेकर सरकारी कार्यालयों में पहुंचता है तो संबंधित अधिकारी एवं पटल सहायक बिना किसी भेदभाव और स्वार्थ के उसकी समस्या का तत्परता से समाधान करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लोगों को अपने कार्यों के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

स्वतंत्रता सेनानियों और राज्य आंदोलनकारियों का सम्मान

समारोह में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों तथा राज्य आंदोलनकारियों को पुष्पमाला एवं शॉल भेंटकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जितेंद्र रघुवंशी, भारत भूषण विद्यालंकार, वीरेंद्र गहलोत, अर्जुन सिंह राणा, आशिक कुमार चौहान, कृष्ण गोपाल पंत, श्रीमती सुनीता त्रिपाठी, श्रीमती सरिता नेगी पंवार (सेवानिवृत्त विंग कमांडर) तथा राज्य आंदोलनकारी हयात सिंह रावत और जसवंत सिंह बिष्ट शामिल रहे।

कांवड़ मेले में रेस्क्यू करने वाले जवान सम्मानित

कांवड़ मेले के दौरान गंगा के तेज बहाव में फंसे श्रद्धालुओं का सफल रेस्क्यू कर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले बंगाल इंजीनियरिंग ग्रुप सेंटर के ग्रुप लीडर सूबेदार कुलविंदर सिंह को भी प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

छात्राओं ने दी देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति

समारोह में आनंदमयी सेवा सदन इंटर कॉलेज की छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। प्रस्तुति से समारोह में मौजूद लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना और उत्साह का संचार हुआ। बेहतर प्रस्तुति देने वाली छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

‘हरित हरिद्वार’ को बढ़ावा, 100 पौधे रोपे

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कलेक्ट्रेट परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आपदा प्रबंधन विभाग और एकुम्स कंपनी के सहयोग से चंदन एवं गुलमोहर के 100 पौधे रोपित किए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देते हुए हरित हरिद्वार के संकल्प को मजबूत करने पर जोर दिया गया। इससे पूर्व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम का संचालन प्रशासनिक अधिकारी नवीन मोहन ने किया। समारोह में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासन जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, वरिष्ठ कोषाधिकारी अजय कुमार, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, एनडीआरएफ एवं पुलिस के जवान, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं उनके परिजन, राज्य आंदोलनकारी, कलेक्ट्रेट के अधिकारी-कर्मचारी तथा छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *