23 अगस्त को धूमधाम से मनाया जाएगा
अमित कुमार
हरिद्वार। 116वां श्री मुलतान जोत महोत्सव आगामी 23 अगस्त को हरिद्वार में धूमधाम और श्रद्धाभाव के साथ मनाया जाएगा। आयोजन को लेकर अखिल भारतीय मुल्तान युवा संगठन की ओर से प्रेस क्लब हरिद्वार में पत्रकारवार्ता आयोजित की गई। संगठन के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक डॉ. महेंद्र नागपाल ने महोत्सव की तैयारियों और धार्मिक महत्व की जानकारी दी। डॉ. महेंद्र नागपाल ने बताया कि इस वर्ष के जोत महोत्सव में असम के पूर्व राज्यपाल प्रो. जगदीश मुखी, भाजपा के महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद तरुण चुघ, वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज, उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक सहित अनेक विशिष्ट अतिथि शामिल होंगे। इसके अलावा टीवी एवं पुष्पा फिल्म के कलाकार अमर वाल्मीकि तथा धुरंधर फिल्म के कलाकार शेख रईस करीम भी कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। उन्होंने बताया कि वर्ष 1911 में भक्त रूपचंद समाज में भाईचारे, शांति और सद्भाव की कामना लेकर मुलतान से पदयात्रा करते हुए हरिद्वार पहुंचे थे। उन्होंने हरकी पैड़ी पर मां गंगा को सबसे पहले जोत अर्पित की थी। भक्त रूपचंद द्वारा शुरू की गई इस परंपरा को आज भी मुलतानी समाज पूरी श्रद्धा के साथ आगे बढ़ा रहा है। डॉ. नागपाल ने बताया कि कांवड़ यात्रा संपन्न होने के बाद देशभर से मुलतानी समाज के लोग हरिद्वार पहुंचते हैं और मां गंगा को जोत अर्पित करते हैं। इस वर्ष भी 23 अगस्त को हजारों श्रद्धालु हरकी पैड़ी पहुंचकर मां गंगा को जोत अर्पित करेंगे और दूध की होली खेलेंगे। महोत्सव के दौरान भव्य शोभायात्रा, सुंदरकांड पाठ सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन को लेकर समाज के लोगों में खासा उत्साह है। पत्रकारवार्ता में संगठन के उपाध्यक्ष सुरेंद्र आहूजा, कोषाध्यक्ष सतपाल अरोड़ा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply