उत्तराखंड की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने का दावा, हरिद्वार से स्वयं मैदान में उतरेंगे सामंत
अमित कुमार
हरिद्वार। ‘सारे काम का तुरंत हल’ पार्टी के संस्थापक एवं चेयरमैन मदन सिंह सामंत ने कहा कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड की गढ़वाल और कुमाऊं मंडल की सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने बताया कि वे जल्द ही लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी तथा उत्तराखंड के कांग्रेस विधायकों से मुलाकात करेंगे। आज प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में मदन सिंह सामंत ने कहा कि पार्टी जल्द ही पूरे प्रदेश में संगठन का विस्तार करते हुए व्यापक स्तर पर प्रचार-प्रसार अभियान शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि वे स्वयं हरिद्वार विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।सामंत ने कहा कि उनकी पार्टी का उद्देश्य जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान करना है। उन्होंने दावा किया कि सत्ता में आने पर प्रत्येक घर तक जलापूर्ति सुनिश्चित करने, ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण कराने तथा मंदिरों में भी पानी की समुचित व्यवस्था करने पर प्राथमिकता से काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता को राहत देने के लिए शहरों में बिजली तीन रुपये प्रति यूनिट तथा पेयजल 100 रुपये प्रतिमाह उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। घरेलू गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को कम करने की दिशा में भी कदम उठाने की बात उन्होंने कही। मदन सिंह सामंत ने कहा कि जिस परिवार में कोई कमाने वाला सदस्य नहीं है, उस परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने तथा आम जनता को गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध कराने का दावा किया।उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई से जनता परेशान है। पार्टी सरकार बनने पर महंगाई को कम करने और आम लोगों को आर्थिक राहत देने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। सामंत ने कहा कि पार्टी जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने और प्रदेश के विकास को नई दिशा देने के संकल्प के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।












Leave a Reply