20 से 26 अगस्त तक होंगे विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रम, 26 अगस्त को निकलेगा जुलूस
अमित कुमार
हरिद्वार। अंजुमन गुलामाने मुस्तफा सोसाइटी के संयोजन में पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब का जन्मोत्सव जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर चादरपोशी, रक्तदान शिविर, दिव्यांग बच्चों को भोजन एवं फल वितरण, अस्पतालों में मरीजों को फल वितरण तथा जुलूस सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आज प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में सोसाइटी के सदर हाजी शफी खान एवं सेक्रेटरी राहील कुरैशी ने कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर धार्मिक आयोजनों के साथ सामाजिक सेवा के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि 20 अगस्त को सोसाइटी के उपाध्यक्ष जमशेद खान के नेतृत्व में दरगाह साबिर पाक में चादरपोशी और लंगर का आयोजन किया जाएगा। 23 अगस्त को इंडियन पब्लिक स्कूल में रक्तदान शिविर आयोजित होगा। वहीं 24 अगस्त को अजरधाम में दिव्यांग बच्चों को भोजन एवं फल वितरित किए जाएंगे। 25 अगस्त को सैयद बिलाल चिश्ती पैगंबर मोहम्मद साहब की दाढ़ी के बाल और टोपी लेकर पीलीभीत से ज्वालापुर पहुंचेंगे। इन पवित्र वस्तुओं को अकीदतमंदों के दर्शन के लिए मोहल्ला कोटरवान स्थित सोसाइटी के अध्यक्ष शफी खान के आवास पर रखा जाएगा। इसके अलावा जिला अस्पताल, मेला अस्पताल और रामकृष्ण मिशन अस्पताल में मरीजों को फल वितरित किए जाएंगे। सोसाइटी के उपाध्यक्ष हाजी जमशेद खान एवं रफी खान ने बताया कि 26 अगस्त को मंडी का कुआं स्थित बाबा रोशनअली की दरगाह से जुलूस निकाला जाएगा। जुलूस ज्वालापुर के विभिन्न मार्गों से होते हुए गढ़ी वाले पीर की मजार पर पहुंचकर संपन्न होगा। जुलूस में सोसाइटी से संबद्ध 28 कमेटियां भी शामिल होंगी। पदाधिकारियों ने कहा कि पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब ने पूरी दुनिया को इंसानियत, प्रेम, शांति और भाईचारे का संदेश दिया। उनके विचारों का प्रचार-प्रसार करने के साथ सेवा कार्यों के माध्यम से इंसानियत का पैगाम समाज तक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एकता, सौहार्द और भाईचारा ही समाज की पहचान है तथा इंसानियत की सेवा में सभी को अपना योगदान देना चाहिए।पत्रकारवार्ता में आलम सैफी, नौशाद अली सहित सोसाइटी के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।












Leave a Reply