किसानों के लिए ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप लॉन्च, मौसम से लेकर बाजार तक मिलेगी डिजिटल मदद

Spread the love

सीएम धामी ने किया शुभारंभ, एआई आधारित फसल रोग पहचान और कृषि सलाह जैसी सुविधाएं एक ही प्लेटफॉर्म पर

रमेश राम

देहरादून। किसानों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी एवं सेवाएं डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित किसान-केंद्रित मोबाइल एप ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने एप को किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी पहल बताते हुए संस्था के पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक का प्रभावी उपयोग किसानों तक कृषि से जुड़ी आवश्यक जानकारियां और सेवाएं आसानी से पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। तकनीक आधारित ऐसे प्रयास किसानों की व्यावहारिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक साबित होंगे।

मौसम से लेकर फसल रोग की पहचान तक सुविधा

समिति के पदाधिकारियों के अनुसार, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ एप के माध्यम से किसानों को रियल टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट उपलब्ध होंगे। इसके साथ ही फसल के अनुसार कृषि सलाह, एआई आधारित फसल रोग पहचान, कृषि एवं बाजार से संबंधित जानकारी तथा परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। एप में स्वयं सहायता समूहों और ग्रामीण उद्यमों को बाजार से जोड़ने से संबंधित सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में उत्पाद तैयार करने वाले समूहों को बाजार तक पहुंच बनाने में डिजिटल माध्यम से सहायता मिलने की उम्मीद है।

उत्पादन से बाजार तक डिजिटल सहयोग

समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि एप को किसानों की व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से कृषि उत्पादन से लेकर बाजार तक आवश्यक डिजिटल सहयोग उपलब्ध कराना है। इस अवसर पर कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्री गणेश जोशी, मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति से कमला डबराल, राजेश डबराल, अंशुल, प्रांजल नौडियाल और सूरवीर सिंह कठैत सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *