सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी से लगातार जल निकासी, अब तक 65 लाख लीटर पानी निकाला
अमित कुमार
हरिद्वार। बहादराबाद क्षेत्र के सुमननगर में भारी बारिश के बाद उत्पन्न जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन ने राहत और जल निकासी अभियान तेज कर दिया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में प्रशासन की संयुक्त टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में तैनात हैं और स्थिति पर सतत निगरानी रखी जा रही है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत ने बताया कि जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र, कानूनगो, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पंचायत विभाग, आरकेओ सहित अन्य संबंधित विभागों की टीमें मौके पर रहकर जल निकासी एवं राहत कार्य में जुटी हैं।
भारी बारिश के बाद मिली शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर जल निकासी के कार्य को तेज करने के निर्देश दिए।
तीन माध्यमों से हो रही जल निकासी
जलभराव वाले क्षेत्रों से पानी निकालने के लिए सक्शन मशीन, पंप सेट और जेसीबी की मदद ली जा रही है। सक्शन मशीनों से पानी निकाला जा रहा है, जबकि पंप सेट के जरिए जलभराव वाले स्थानों से लगातार पानी बाहर निकाला जा रहा है। वहीं, जेसीबी मशीनों से नालियों की खुदाई और सफाई कर जल निकासी के रास्ते को सुचारु किया जा रहा है। सुमननगर की गली संख्या 3 और 4 में विशेष अभियान चलाकर पंप सेट लगाए गए हैं। प्रशासन के अनुसार अब तक पंप सेटों के माध्यम से करीब 35 लाख लीटर, शिविर के माध्यम से 15 लाख लीटर तथा नमामि गंगे की रुड़की शिविर टीम द्वारा करीब 15 लाख लीटर पानी की निकासी की जा चुकी है। इस तरह अब तक लगभग 65 लाख लीटर पानी निकाला जा चुका है।
जलभराव पूरी तरह खत्म होने तक जारी रहेगा अभियान
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन जल निकासी का कार्य लगातार जारी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जलभराव पूरी तरह समाप्त होने तक राहत एवं जल निकासी अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और आवश्यकता के अनुसार तत्काल संसाधन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जलभराव की समस्या के पूर्ण समाधान तक राहत और जल निकासी अभियान लगातार जारी रहेगा।












Leave a Reply