डालमिया परिवार का विवाद गहराया, रेणु और रितु ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोपों को बताया निराधार

Spread the love

टीना कयाल पर संपत्ति को लेकर साजिश रचने का लगाया आरोप, कुछ लोगों पर विवाद को हवा देने का दावा; पुलिस से निष्पक्ष जांच और सुरक्षा की मांग

पी. के. गुप्ता

गयाजी। केपी रोड स्थित डालमिया निवास से जुड़ा पारिवारिक संपत्ति विवाद अब गहराता जा रहा है। शनिवार को रेणु डालमिया और रितु डालमिया ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सुशीला डालमिया की ओर से मारपीट और घर से बेघर करने के लगाए गए आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने इन आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए दावा किया कि परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा धूमिल करने के उद्देश्य से सुनियोजित तरीके से विवाद को तूल दिया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि केपी रोड स्थित संपत्ति संयुक्त परिवार की है, जहां दो व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित होते हैं। इनमें डालमिया ब्रदर्स (अनामिका) का संचालन उनके पति करते हैं, जबकि डालमिया सिंथेटिक्स का संचालन अभिषेक डालमिया के जिम्मे है। उन्होंने बताया कि तीन मंजिला भवन की तीसरी मंजिल पर टिन शेड डालकर एक कमरे का निर्माण किया गया था। भवन की छत जर्जर होने के कारण वहां रहने वाले लोगों, कर्मचारियों और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर खतरा उत्पन्न हो गया था। इसी वजह से भवन की मरम्मत आवश्यक थी। इस संबंध में उनके पति और अभिषेक डालमिया ने गया नगर निगम में आवेदन देकर भवन की स्थिति से अवगत कराया था। रेणु और रितु डालमिया ने बताया कि 13 नवंबर 2026 को सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें जानकारी मिली कि सुशीला डालमिया, पत्नी स्वर्गीय शिव कुमार डालमिया ने कोतवाली थाने में उनके पति एवं अन्य लोगों के विरुद्ध मारपीट और घर से बेघर करने का आरोप लगाते हुए आवेदन दिया है। उन्होंने इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनके पति को जानबूझकर बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने विधि कयाल उर्फ टीना पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि टीना, सुशीला डालमिया की बहन स्वर्गीय शकुंतला केडिया की दत्तक पुत्री हैं, लेकिन स्वयं को सुशीला डालमिया की पुत्री बताकर रह रही हैं। रितु डालमिया ने आरोप लगाया कि टीना की नजर सुशीला डालमिया की संपत्ति पर है और इसी उद्देश्य से उन्हें प्रभावित कर उनके पति के खिलाफ आरोप लगवाए जा रहे हैं। दोनों ने सुशीला डालमिया की सुरक्षा को लेकर भी आशंका जताई और टीना से संभावित खतरे का दावा किया। इस क्रम में उन्होंने करीब दो वर्ष पूर्व टीना के पति अजय कयाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का भी उल्लेख किया। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में कोई स्वतंत्र प्रमाण प्रस्तुत किए जाने की जानकारी नहीं दी गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कुछ असामाजिक तत्व स्वयं को समाज का हितैषी बताकर पर्दे के पीछे से पारिवारिक विवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। ऐसे लोगों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की वास्तविकता सामने आ सके। अंत में रेणु और रितु डालमिया ने बताया कि पुलिस प्रशासन को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित लोगों की भूमिका की पड़ताल करने तथा आवश्यक सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। उन्होंने प्रशासन से सभी पक्षों को सुनकर उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष कार्रवाई करने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *