अंकिता हत्याकांड: पुलकित आर्य के पिता ने मोबाइल चैट को जांच में शामिल करने की उठाई मांग

Spread the love

4805 पन्नों की चैट सार्वजनिक कर एसआईटी जांच पर उठाए सवाल, सीबीआई जांच में सभी तथ्यों की पड़ताल की मांग

ए. गुप्ता

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड में सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य ने मामले से जुड़ी मोबाइल चैट को जांच का हिस्सा बनाए जाने की मांग की है। प्रेस क्लब में अपने अधिवक्ता अनुज पुंडीर के साथ पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने 4805 पन्नों की मोबाइल चैट सार्वजनिक की। उन्होंने मांग की कि प्रकरण की सीबीआई जांच के दौरान इन चैट की भी गहनता से जांच की जाए। विनोद आर्य ने एसआईटी की जांच पर सवाल उठाते हुए कहा कि मोबाइल चैट को जांच का आधार क्यों नहीं बनाया गया। उनका आरोप है कि जनभावनाओं के दबाव में जांच प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि पूरे प्रकरण से जुड़े सभी डिजिटल साक्ष्यों और तथ्यों की निष्पक्षता से पड़ताल होनी चाहिए। उन्होंने वनंतरा रिजॉर्ट में घटना के बाद दो बार आग लगाए जाने का दावा करते हुए कहा कि इससे उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ, लेकिन पुलिस ने इस संबंध में कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत के दौरान पुलकित आर्य और अन्य आरोपियों के साथ मारपीट की गई। विनोद आर्य ने कहा कि अंकिता हत्याकांड को लेकर प्रदेश में लगातार बयानबाजी और राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप हो रहे हैं। इससे उनका पूरा परिवार सामाजिक तिरस्कार और मानसिक परेशानियों का सामना कर रहा है। उन्होंने राजनीतिक दलों और नेताओं से मामले में बयानबाजी बंद करने की अपील की। उन्होंने दोहराया कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और मोबाइल चैट सहित सभी उपलब्ध साक्ष्यों को जांच के दायरे में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि तथ्यों के आधार पर सच्चाई सामने आ सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *