ऑपरेशन सिंदूर और राम मंदिर चंदा मामले पर कांग्रेस का केंद्र सरकार पर हमला

Spread the love

ए. गुप्ता 

हरिद्वार। कांग्रेस ने ऑपरेशन सिंदूर और राम मंदिर चंदा प्रकरण को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। प्रेस क्लब में आयोजित एक प्रेस वार्ता में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र सरकार पर कई गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार महत्वपूर्ण मुद्दों पर देश के सामने पूरी सच्चाई नहीं रख रही है। आलोक शर्मा ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान शहीद हुए भारतीय जवानों के संबंध में तथ्य देश से छिपाए गए। उन्होंने कहा कि नेशनल वॉर मेमोरियल में शहीदों के नाम सामने आने के बाद उन्हें छह जवानों की शहादत की जानकारी मिली। उन्होंने दावा किया कि सरकार को इस विषय पर स्पष्ट स्थिति देश के सामने रखनी चाहिए। राम मंदिर चंदा प्रकरण का उल्लेख करते हुए शर्मा ने आरोप लगाया कि मामले के मुख्य आरोपियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार सनातन के नाम पर राजनीति करती है, लेकिन उसकी प्राथमिकता केवल धन संग्रह तक सीमित दिखाई देती है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की बढ़ती संपत्तियों और विभिन्न शहरों में बन रहे बड़े कार्यालयों को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा शासित राज्यों में विभिन्न मामलों की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्नचिह्न लगाया। उन्होंने कहा कि कई चर्चित मामलों में एसआईटी जांच की अंतिम रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं हो पाई है। उत्तराखंड के अंकिता भंडारी हत्याकांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि जनता अब भी न्याय और जांच के परिणामों की प्रतीक्षा कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की नीतियों पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद की बात करती है, लेकिन उसके आचरण और दावों में विरोधाभास दिखाई देता है। उन्होंने विदेश नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर भी सरकार की आलोचना की। प्रेस वार्ता के अंत में ऑपरेशन सिंदूर में शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मिनट का मौन रखा गया। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, बीएस तेजियान, शिवालिक नगर अध्यक्ष मोहन राणा, विकास चंद्रा, कैलाश प्रधान तथा उदित विद्याकुल सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *