दयाराम ढिल
बरवाली। गोगामेड़ी के राजीव गांधी सेवा केंद्र में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर 2026 में प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं का समाधान करते हुए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया गया। शिविर की विशेष उपलब्धि के रूप में 5 जीजीएम गोगामेड़ी निवासी सरला पत्नी राजकुमार (नायक) को आवास निर्माण हेतु भूमि का पट्टा प्रदान किया गया। सरला पिछले दो वर्षों से देवस्थान विभाग की भूमि पर निवास कर रही थीं तथा प्रधानमंत्री आवास योजना की पात्र लाभार्थी होने के बावजूद भूमिहीन होने के कारण आवास स्वीकृति में कठिनाइयों का सामना कर रही थीं। इस समस्या को देखते हुए ग्राम पंचायत ने उन्हें आवास निर्माण के लिए पट्टा जारी कर राहत प्रदान की। शिविर के दौरान विभिन्न राजस्व एवं जनसेवा संबंधी कार्यों का निस्तारण किया गया। इनमें 23 नए खाता विभाजन, 21 नाम शुद्धिकरण, 2 नापतोल सीमा निर्धारण, 23 नामांतरण, 21 मूल निवास प्रमाण पत्र, 17 जाति प्रमाण पत्र तथा प्रधानमंत्री संबल निधि योजना के 53 प्रकरणों का निस्तारण किया गया। इसके अलावा चार महिलाओं की गोद भराई की रस्म भी संपन्न करवाई गई। शिविर में नायब तहसीलदार जगदीश प्रसाद, ग्राम विकास अधिकारी रवि कुमार, गिरदावर आनंद शर्मा, अतिरिक्त कार्यालय कानूनगो अशोक सोनी, पटवारी मुकेश शर्मा, राकेश बुडानिया, नरेंद्र मीणा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इनमें विद्युत विभाग के तुलसीराम, जलदाय विभाग के इमरान, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अजय कुमार, सिंचाई विभाग के शिवकुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग की रोशनी देवी, स्वास्थ्य विभाग की अनुराधा, वन विभाग रामगढ़ की पूजा रानी, लाइनमैन पवन कुमार, पशुपालन, कृषि एवं पथ परिवहन निगम सहित अन्य विभागों के प्रतिनिधि शामिल रहे। इस अवसर पर उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से राजस्व विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए आमजन को त्वरित राहत प्रदान करने के प्रयासों की प्रशंसा की।शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। प्रशासन द्वारा मौके पर ही समस्याओं के समाधान से लोगों में संतोष और उत्साह देखने को मिला।












Leave a Reply