अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर ऋषिकुल में 1000 से अधिक लोगों ने किया योगाभ्यास
अमित कुमार
हरिद्वार। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयुष विभाग द्वारा ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय परिसर में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 1000 से अधिक लोगों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ आयुष मंत्री मदन कौशिक, नगर निगम मेयर किरण जैसल, अपर सचिव एवं निदेशक आयुर्वेद विजय कुमार जोगदंडे तथा जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयुष मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि योग स्वस्थ शरीर और निरोग जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र में रखे गए प्रस्ताव के बाद आज विश्व के 190 से अधिक देशों में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। भारत योग के क्षेत्र में वैश्विक नेतृत्व कर रहा है। उन्होंने लोगों से योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखकर इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। मेयर किरण जैसल ने योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास स्वस्थ एवं संतुलित जीवन की कुंजी है।
वहीं अपर सचिव एवं निदेशक आयुष विजय कुमार जोगदंडे ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशन में पूरे प्रदेश में योग दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं तथा आयुष विभाग योग एवं स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर रहा है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर योग दिवस के आयोजन किए गए हैं।
उन्होंने लोगों से नियमित योग अपनाकर स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने की अपील की।कार्यक्रम के दौरान संगम सांस्कृतिक कला मंच द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं। आयुष विभाग की ओर से अतिथियों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया।
साथ ही आयुष मंत्री मदन कौशिक और मेयर किरण जैसल ने ऋषिकुल परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा महिमानंद जोशी, अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, चिकित्सक, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. वंदना डंगवाल, डॉ. मनीषा चौहान और डॉ. दीपिका वर्मा ने किया। योगाभ्यास में शामिल प्रतिभागियों ने योग को दैनिक दिनचर्या में अपनाने का संकल्प लिया।











Leave a Reply