मतदाता जागरूकता अभियान को मिली रफ्तार, जिलाधिकारी ने स्वीप वाहन को किया रवाना

Spread the love

एस. गुप्ता

हरिद्वार। जनपद में मतदाता जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कैंप कार्यालय से स्वीप वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना तथा मतदान प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। स्वीप (सिस्टेमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन) कार्यक्रम के तहत संचालित यह वाहन जनपद के सभी विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को मतदाता पंजीकरण, मतदाता सूची संशोधन, विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान तथा मतदान के महत्व के प्रति जागरूक करेगा। वाहन के माध्यम से निर्वाचन संबंधी संदेशों का व्यापक प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान और मतदाता जागरूकता कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी बनाया जाए, ताकि युवाओं, महिलाओं और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं तक इसकी पहुंच सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में अधिक से अधिक जनभागीदारी लोकतंत्र को सशक्त और मजबूत बनाती है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिन पात्र नागरिकों का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से अपना पंजीकरण अवश्य कराएं और लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण पर्व में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इस अवसर पर जिला समन्वयक स्वीप अनिल चंद रमोला, नोडल अधिकारी स्वीप डॉ. संतोष चमोला तथा सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी अरुणेश पैन्यूली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *