पर्यावरण असंतुलन के चलते आने वाले समय में पृथ्वी पर जीवन जीना होगा कठिन: सुनीता दुग्गल

Spread the love

*चार दिवसीय कार्यक्रम में 7 देशों के समाजसेवियो ने संयुक्त राष्ट्र संघ के सतत विकास लक्ष्यों पर की चर्चा*
रिंकु रखरा

ऐलनाबाद। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी संस्था दिव्या युवा मंच के तत्वाधान में यहां के एक निजी होटल में चल रहा चार दिवसीय अंतरराष्ट्रीय युवा विकास सम्मेलन धूमधाम से सम्पन्न हो गया। यह जानकारी देते हुए दिव्या युवा मंच के संस्थापक व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार विजेता सुभाष चौहान ने बताया कि इस कार्यक्रम में भारत के 18 विभिन्न राज्यों के अलावा जॉर्जिया, अफ़ग़ानिस्तान, नेपाल, श्रीलंका, लाइबेरिया, नाइजीरिया सहित अन्य कई जगहों से युवा कार्यकर्ताओ ने अपने अपने क्षेत्र में किये जा रहे समाजसेवी कार्यों के बारे मे जानकारी दी। इनमें देश विदेश के कई ख्यातिनाम वक्ता भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उदघाटन सिरसा की पूर्व सांसद व भाजपा राष्ट्रीय कार्यकारिणी की सदस्य सुनीता दुग्गल ने किया। उनके साथ भाजपा की पूर्व जिलाध्यक्ष निताशा सिहाग, विनोद नागर, रवि लढ़ा व अन्य लोग भी थे। दुग्गल ने अपने संबोधन में दिव्या युवा मंच द्वारा किये जा रहे आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष के एकमात्र ग्रह केवल पृथ्वी पर ही जीवन संभव है। लेकिन जिस प्रकार से हमारी पृथ्वी पर पर्यावरण असंतुलन बढ़ता जा रहा है, उससे आगामी 10-20 साल बाद यही पृथ्वी प्राणियों के रहने लायक नही रहेगी और यहां का जीवन संकट में पड़ जाएगा। इसलिए संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा पृथ्वी पर जीवन को बचाने व पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए निर्धारित किये गए सतत विकास लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास जरूरी है। उन्होंने कहा कि अगली बार इस कार्यक्रम को वर्ल्ड यूथ पार्लियामेंट के रूप में आयोजित किया जाए तो वे भी अपना पूर्ण सहयोग करेगी। इस गंभीर वैश्विक समस्या पर चिंतन मंथन से अलावा सभी डेलिगेट्स ने पहले दिन सुबह शहर के अटल पार्क में जाकर योगाभ्यास किया जहां योगगुरु हेमराज सपरा, नीरज कटारिया, गीता बेनीवाल, नीतू वरिया ने उन्हें योग के गुर सिखाये। वहीं गांव ढाणी शेरा का दौरा किया। जहां भाजपा नेता रमेश भादू के नेतृत्व में ग्रामवासियो ने उनका ढोल नगाड़ों से जोरदार स्वागत किया। वर्षा से प्रभावित इस कार्यक्रम में देश विदेश से आये लोग ढोल और डीजे पर जमकर नाचे। दूसरे दिन सुबह सभी डेलिगेट्स ने यहां के वेलफेयर ट्रस्ट द्वारा संचालित जनता कन्या महाविद्यालय का दौरा किया जहां ट्रस्ट के सदस्यों ने उनका स्वागत किया। सभी डेलीगेट्स ने वेलफेयर ट्रस्ट के कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम के समापन समारोह में भाई कन्हैया मानव सेवा आश्रम के संचालक पद्मश्री गुरविंदर सिंह ने अपने अनुभव सांझे किये और सभी डेलिगेट्स को आयोजक संस्था की ओर से सर्टिफिकेट व स्मृति चिह्न बांटे।  सभी डेलिगेट्स ने ब्रह्माकुमारी आश्रम, रानियां का दौरा किया। जहां पानीपत से आये अंतरराष्ट्रीय स्पीकर ब्रह्माकुमार भारत भूषण व आश्रम की प्रभारी कमलेश दीदी के नेतृत्व में ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी का स्वागत किया। उन्होंने सभी डेलिगेट्स को ब्रह्म भोज करवाया वहीं माउंट आबू में भ्रमण करवाने का भी निमन्त्रण दिया। कार्यक्रम के अंतिम दिन सभी डेलिगेट्स ने शहर की सिरसा रोड़ पर स्थित हरप्रभ सेवा सिमरन आश्रम का दौरा किया। जहां आश्रम के संचालक भाई जसविंदर सिंह खालसा व भारत विकास परिषद तलवाड़ा खुर्द के सदस्यों ने सभी का स्वागत किया। देश विदेश के डेलिगेट्स ने आश्रम में रह रहे लोगो से मुलाकात की तो उनकी कहानी जानकर सभी भावुक हो उठे। यहां से सभी डेलिगेट्स अपने अपने गंतव्यों के लिए प्रस्थान कर गए। इस अवसर पर डॉ मदन जैन, विनोद गिगोरानी, नितिन सोमाणी, रवि गर्ग, सतपाल मेहता, रवि भाम्भू, गंगासिंह ठाकुर, प्रह्लाद कंदोई, बीएम नागर, ओपी पारीक, सुरेन्द्र सचदेवा, सुरेंद्र शर्मा, आरज़ी बेनीवाल, भीम कानसरिया, बलराज कूका, छबील दास मेहता, भूषण नम्बरदार, हरबंश मेहता, जुगलकिशोर मेहता, संजय सरदाना, दिनेश गोदारा, रामनिवास रसिया, कमलेश सैनी व अन्य कई प्रमुख लोग भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *