अंकिता के चरित्र हनन का प्रयास करने वाले विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर और गिरफ्तारी की मांग
अमित कुमार
हरिद्वार। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने आरोप लगाया है कि अंकिता भंडारी हत्याकांड के चार साल बाद भाजपा के इशारे पर विनोद आर्य ने अंकिता और उसके दोस्त की निजी चैट सार्वजनिक कर न केवल निजता का हनन किया है, बल्कि अंकिता के चरित्र को बदनाम करने का भी प्रयास किया है। उन्होंने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए विनोद आर्य के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में ज्योति रौतेला ने कहा कि इस मामले से प्रदेश की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं। अंकिता प्रकरण में वीआईपी का मुद्दा भाजपा नेताओं ने ही उठाया था। ऐसे में विनोद आर्य को पुलकित आर्य की चैट भी सार्वजनिक करनी चाहिए, ताकि वीआईपी से जुड़े तथ्यों का खुलासा हो सके। जैनी द्वारा वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरक सिंह रावत पर लगाए गए आरोपों के सवाल पर ज्योति रौतेला ने कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण से जनता का ध्यान भटकाने के लिए भाजपा इस मुद्दे को तूल दे रही है। उन्होंने दावा किया कि डीएनए टेस्ट और सीबीआई जांच के बाद हरक सिंह रावत इस मामले में बरी हो चुके हैं। पत्रकार वार्ता में महिला महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लता जोशी, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजू मिश्रा, महासचिव नलिनी दीक्षित, पूनम भगत, दीपिका गुप्ता सहित अन्य महिला कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहीं।












Leave a Reply