केपीएस चौहान
हरिद्वार। जिला मुख्यालय रोशनाबाद स्थित पुलिस लाइन सभागार में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से अधिकार मित्रों की मासिक बैठक आयोजित की गई। बैठक के साथ ही एनडीआरएफ और जिला आपदा प्रबंधन विभाग के सहयोग से विशेष आपदा प्रबंधन कार्यशाला का आयोजन भी किया गया, जिसमें आपदा के दौरान राहत एवं बचाव कार्यों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सिमरनजीत कौर ने बताया कि बैठक में अधिकार मित्रों को जुलाई माह के ‘प्लान ऑफ एक्शन’ की जानकारी दी गई।
इसके अलावा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी नई स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (एसओपी) से भी उन्हें अवगत कराया गया। कार्यशाला के दौरान एनडीआरएफ की टीम के निरीक्षक तिरेपन सिंह रावत और उनकी टीम ने लाइव डेमो के माध्यम से आपदा प्रबंधन, राहत एवं बचाव के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। वहीं जिला आपदा प्रबंधन विभाग के मनोज कंडियाल ने आपदा की स्थिति में उपयोगी टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1077 तथा विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सहायता और जनजागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के समापन पर जिला जज नरेन्द्र दत्त ने कहा कि अधिकार मित्र कार्यशाला में प्राप्त प्रशिक्षण और व्यावहारिक जानकारी का उपयोग अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा पीड़ितों की प्रभावी सहायता करने में कर सकते हैं। उन्होंने समाज में अधिकार मित्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए आपदा के समय जागरूकता और त्वरित सहयोग पर बल दिया।।इस अवसर पर जिला जज ने उत्कृष्ट सहयोग के लिए एनडीआरएफ टीम के सदस्यों को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया। कार्यक्रम में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट संदीप कुमार, प्राधिकरण के डिप्टी एलएडीसी रमन कुमार सैनी, रिटेनर अधिवक्ता उपेन्द्र दत्त शर्मा, पैनल अधिवक्ता संगीता भारद्वाज सहित लगभग 200 अधिकार मित्र उपस्थित रहे।












Leave a Reply