राम-सुग्रीव मिलन और अंगद-रावण संवाद ने मोहा मन

Spread the love

भेल सेक्टर-1 की रामलीला में उमड़ा आस्था का सैलाब, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और राज्यमंत्री जयपाल सिंह चौहान ने की शिरकत

अमित कुमार

हरिद्वार। भेल सेक्टर-1 की ऐतिहासिक रामलीला में आठवें दिन राम-सुग्रीव मिलन, बाली वध और अंगद-रावण संवाद के प्रभावशाली मंचन ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। कलाकारों के सजीव अभिनय और संवादों ने जहां भगवान श्रीराम के आदर्शों को मंच पर जीवंत किया, वहीं अहंकार, अनीति और अधर्म के अंत का संदेश भी दिया। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक मुख्य अतिथि और राज्यमंत्री जयपाल सिंह चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने भगवान गणेश की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन कर्तव्य, मर्यादा, मित्रता और धर्म की विजय का प्रतीक है। राम-सुग्रीव मिलन सिखाता है कि सच्ची मित्रता और आपसी सहयोग से कठिन से कठिन लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। वहीं, बाली वध और अंगद-रावण संवाद यह संदेश देते हैं कि अहंकार, अनीति और अधर्म का पतन निश्चित है। उन्होंने कहा कि रामलीला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और आदर्श जीवन पद्धति को समझने का सशक्त माध्यम है। भगवान श्रीराम के आदर्श आज भी समाज को सही दिशा दिखाते हैं। उन्होंने लोगों से श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

सांस्कृतिक चेतना का केंद्र बनी भेल की रामलीला

विशिष्ट अतिथि राज्यमंत्री जयपाल सिंह चौहान ने कहा कि भेल सेक्टर-1 की रामलीला क्षेत्र की सांस्कृतिक चेतना का अनूठा केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि रावण के पास सोने की लंका, अपार शक्ति और वैभव था, लेकिन अहंकार और अधर्म ने उसके विनाश का मार्ग प्रशस्त किया। सुग्रीव की मित्रता और अंगद का निर्भीक संवाद संगठन शक्ति, आत्मविश्वास और धर्म के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का संदेश देते हैं।

समिति पदाधिकारियों ने किया अतिथियों का स्वागत

कार्यक्रम में शिवालिक नगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष विभास सिन्हा, नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे आई) के अध्यक्ष देवेंद्र शर्मा, महानगर कांग्रेस की ब्लॉक अध्यक्ष रचना शर्मा और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अंजू द्विवेदी विशेष रूप से मौजूद रहे।इससे पहले रामलीला समिति के संरक्षक डॉ. हिमांशु द्विवेदी, अध्यक्ष अश्वनी सिंह, सचिव राधेश्याम सिंह और कोषाध्यक्ष गौरव ओझा ने अतिथियों का फूल-मालाओं और पटका पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर वीरेंद्र नेगी, संजय वर्मा, सोमदत्त, राजकुमार यादव और धनंजय सिंह सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं रामलीला प्रेमी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *