कुंभ कार्यों की गुणवत्ता पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, थर्ड पार्टी ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

Spread the love

आलोक शर्मा बोले- निर्माण सामग्री की जांच के लिए स्थापित हो इंजीनियरिंग टेस्टिंग लैब, स्थायी पुलों की स्थिति भी स्पष्ट करे मेला प्रशासन

अमित कुमार

हरिद्वार। कुंभ-2027 की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने सरकार और मेला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकारवार्ता में कुंभ के निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, थर्ड पार्टी ऑडिट और स्वच्छता व्यवस्था पर चिंता जताते हुए ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। आलोक शर्मा ने कहा कि कुंभ की तैयारियों के नाम पर सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर रही है, लेकिन कई निर्माण कार्यों में निर्धारित मानकों का पालन नहीं हो रहा है। निर्माण कार्यों में इस्तेमाल की जा रही सामग्री की गुणवत्ता जांचने के लिए इंजीनियरिंग टेस्टिंग लैब स्थापित की जानी चाहिए। उन्होंने पुरानी कंक्रीट की तकनीकी जांच को भी जरूरी बताते हुए कहा कि इसके लिए अब तक टेस्टिंग लैब स्थापित नहीं की गई है। उन्होंने मेला प्रशासन से सवाल किया कि कुंभ कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट किस एजेंसी से कराया जा रहा है और इसकी रिपोर्ट सार्वजनिक क्यों नहीं की जा रही है? उन्होंने स्थायी पुलों के निर्माण की मौजूदा स्थिति स्पष्ट करने की भी मांग की। श्री शर्मा ने स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि स्वच्छता रैंकिंग में हरिद्वार को कोई स्थान नहीं मिला। गंगा बंदी के दौरान स्वच्छता अभियान चलाए जाने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित परिणाम दिखाई नहीं दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं पर समय रहते ध्यान नहीं दिया गया तो कुंभ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। पत्रकारवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, जिला अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, बीके तिवारी और जिला प्रवक्ता अमित अवस्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *