जगजीतपुर के विकास में सौतेला व्यवहार, मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे वार्डवासी: सुमित त्यागी

Spread the love

पानी के भारी-भरकम बिलों से जनता परेशान, विकास कार्य नहीं हुए तो आंदोलन की चेतावनी

अमित कुमार

हरिद्वार। वार्ड संख्या 58 जगजीतपुर के पार्षद सुमित त्यागी ने क्षेत्र में विकास कार्य नहीं कराए जाने और मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि जगजीतपुर के निवासियों को विकास के नाम पर लगातार उपेक्षा का सामना करना पड़ रहा है। विधायक निधि और राज्य योजना के तहत होने वाले विकास कार्यों में भी वार्ड की अनदेखी की जा रही है। सुमित त्यागी ने कहा कि क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था के नाम पर जनता का आर्थिक शोषण हो रहा है। पानी के भारी-भरकम बिलों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। वहीं, जलभराव की समस्या का कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। अनियोजित तरीके से विकसित कॉलोनियों में नालियों का अभाव है और सड़कों की हालत बेहद खराब है। नियमित सफाई नहीं होने से भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड के करीब 90 प्रतिशत निवासी भाजपा समर्थक होने के बावजूद विकास कार्यों के लिए तरस रहे हैं। स्थानीय विधायक के समक्ष कई बार समस्याएं उठाने के बाद भी उनका समाधान नहीं हो पाया है। जगजीतपुर को कुंभ क्षेत्र से जुड़ी विकास योजनाओं का लाभ भी नहीं मिला है। पार्षद ने मांग की कि पानी के बढ़े हुए बिल तत्काल माफ किए जाएं और वार्ड में सड़क, नाली, सफाई तथा जलभराव जैसी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान कराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विकास कार्य शुरू नहीं कराए गए और जनता को राहत नहीं मिली तो जगजीतपुर के निवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *