नेहरू के लोकतांत्रिक और वैज्ञानिक विचारों को आत्मसात करने का लिया संकल्प

Spread the love

कांग्रेस नेताओं ने प्रथम प्रधानमंत्री को दी श्रद्धांजलि, सामाजिक सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया

अमित कुमार

हरिद्वार। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री एवं आधुनिक भारत के निर्माता पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर ऋषिकुल स्थित कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान उपस्थित कांग्रेस नेताओं ने नेहरू जी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके आदर्शों और विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं प्रेस क्लब हरिद्वार के पूर्व अध्यक्ष मनोज सैनी और सोम त्यागी ने कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं,

बल्कि आधुनिक, वैज्ञानिक और प्रगतिशील भारत की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी नेता थे। स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बाद उन्होंने देश को लोकतांत्रिक, धर्मनिरपेक्ष और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि नेहरू के कार्यकाल में शिक्षा, विज्ञान, तकनीक, उद्योग, चिकित्सा और अनुसंधान के क्षेत्र में अनेक महत्वपूर्ण संस्थानों की स्थापना हुई, जिन्होंने आधुनिक भारत के निर्माण में अहम योगदान दिया। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण ही उन्हें चाचा नेहरू के नाम से जाना जाता है। उनका मानना था कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बेहतर शिक्षा एवं संस्कारों से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि वर्तमान समय में देश को नेहरू के लोकतांत्रिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे की विचारधारा को अपनाने की जरूरत है। यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

उन्होंने संविधान और लोकतंत्र की रक्षा, सामाजिक एकता को मजबूत करने, शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाओं को प्रत्येक नागरिक तक पहुंचाने तथा गरीब, मजदूर, किसान और वंचित वर्ग की आवाज बुलंद करने का संकल्प भी लिया। उन्होंने कहा कि समाज में नफरत के बजाय मोहब्बत और एकता का संदेश फैलाना समय की आवश्यकता है। इस अवसर पर राजू चित्कारा, धर्मराज सैनी, जवाहर चावला, जावेद आलम, कमल सैनी, नेकीराम, शिवम वाल्मीकि, प्रेम सिंह, आनंद, अनूप, इशांत जांगीड़, सोमपाल, राजेश, अंशुल, सोनू सैनी, प्रिंस गैरोला, पप्पू और अनूप ठेकेदार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *