नगर निगम की अनुबंधित कंपनी पर सफाई कर्मचारियों के शोषण का आरोप

Spread the love

वेतन और सुविधाएं नहीं मिलने से आर्थिक संकट में कर्मचारी, स्वच्छकार सेवा समिति ने प्रशासन से की हस्तक्षेप की मांग

अमित कुमार

हरिद्वार। नगर निगम की ओर से कूड़ा उठान के लिए अनुबंधित कंपनी पर सफाई कर्मचारियों का शोषण करने का आरोप लगा है। स्वच्छकार सेवा समिति के प्रदेश अध्यक्ष कन्हैया चंचल ने कंपनी पर कर्मचारियों को पर्याप्त वेतन और अन्य सुविधाएं नहीं देने का आरोप लगाते हुए नगर निगम प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है। प्रेस क्लब में आयोजित पत्रकार वार्ता में कन्हैया चंचल ने कहा कि नगर निगम द्वारा कूड़ा उठान का कार्य सौंपने वाली कंपनी कर्मचारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप वेतन और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं करा रही है। जबकि नगर निगम की ओर से कंपनी को नियमित रूप से भुगतान किया जा रहा है। इसके बावजूद कर्मचारियों को उनके अधिकारों से वंचित रखा जा रहा है। उन्होंने कहा कि पर्याप्त वेतन और सुविधाएं नहीं मिलने के कारण सफाई कर्मचारियों को अपने परिवार का भरण-पोषण करने में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। दिनभर मेहनत करने के बावजूद उन्हें आर्थिक परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। कन्हैया चंचल ने नगर निगम प्रशासन से मांग की कि अनुबंधित कंपनी की कार्यप्रणाली की जांच कराई जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि सफाई कर्मचारियों को समय पर उचित वेतन तथा सभी जरूरी सुविधाएं मिलें। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। पत्रकार वार्ता में नवीन अग्रवाल, विजय कुमार, सर्वेश कुमार, कृष्णपाल, बीना पवार, मुस्कान नेगी, आशीष, बबीता पवार और किरण पारचा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *