सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, रोबोटिक्स सहित पांच क्षेत्रों में शुरू होंगे उद्योग आधारित विशेष कार्यक्रम
अमित कुमार
रुड़की। इंजीनियरिंग शिक्षा को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप बनाने और विद्यार्थियों को रोजगार के लिए बेहतर तरीके से तैयार करने की दिशा में कोर विश्वविद्यालय ने महत्वपूर्ण पहल की है। विश्वविद्यालय ने लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) की शिक्षा एवं कौशल विकास इकाई एलएंडटी एडुटेक के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। इसके तहत वर्ष 2027 से 2031 बैच के विद्यार्थियों के लिए ‘एलएंडटी कॉलेजकनेक्ट’ कार्यक्रम संचालित किया जाएगा। इस पहल के अंतर्गत इंजीनियरिंग के विभिन्न संकायों में पांच उद्योग आधारित विशेष कार्यक्रम शुरू किए जाएंगे। इनमें सेमीकंडक्टर डिजाइन, स्मार्ट इलेक्ट्रिक मोबिलिटी, एआई एवं मशीन लर्निंग आधारित मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्टेशन इंफ्रास्ट्रक्चर, इंटीग्रेटेड बिल्डिंग सिस्टम डिजाइन तथा रोबोटिक्स एवं ऑटोमेशन शामिल हैं। ये कार्यक्रम क्रमशः इलेक्ट्रॉनिक्स एवं संचार, इलेक्ट्रिकल, सिविल और मैकेनिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों के लिए संचालित होंगे। आठ सेमेस्टर वाले इन कार्यक्रमों में प्रत्येक सेमेस्टर एक विशेष उद्योग आधारित पाठ्यक्रम शामिल होगा। इसके तहत विद्यार्थियों को ऑनलाइन शिक्षण, उद्योग विशेषज्ञों के व्याख्यान, व्यावहारिक परियोजनाओं और मूल्यांकन के माध्यम से तकनीकी दक्षता विकसित करने का अवसर मिलेगा। कार्यक्रम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले विद्यार्थियों को एलएंडटी एडुटेक की ओर से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा। साथ ही उन्हें कंपनी के स्किल एक्सचेंज प्लेटफॉर्म पर पंजीकरण का अवसर मिलेगा, जिसके माध्यम से वे इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के अवसरों तक पहुंच सकेंगे। हालांकि, इन अवसरों के लिए संबंधित नियोक्ता कंपनियों के चयन मानक लागू होंगे। कार्यक्रम के प्रभावी संचालन और प्रगति की निगरानी के लिए दोनों संस्थानों के दो-दो प्रतिनिधियों की संयुक्त समिति भी गठित की जाएगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. (डॉ.) अनुभा सिंह ने कहा कि इस साझेदारी से विद्यार्थियों को ऐसे व्यावहारिक कौशल और प्रमाणपत्र हासिल होंगे, जिन्हें उद्योग जगत में मान्यता प्राप्त है। इससे उनकी रोजगार क्षमता में वृद्धि होगी। अधिष्ठाता (शैक्षणिक) प्रो. (डॉ.) सुनील गुप्ता ने कहा कि इन कार्यक्रमों के माध्यम से पारंपरिक डिग्री शिक्षा में व्यावहारिक और उद्योग आधारित प्रशिक्षण को शामिल किया जाएगा। वहीं, एलएंडटी एडुटेक के क्षेत्रीय प्रमुख आशीष मिश्रा ने कहा कि यह साझेदारी उद्योग और शैक्षणिक संस्थानों के बीच की दूरी कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इससे विद्यार्थियों को बदलती तकनीक और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करने में मदद मिलेगी।












Leave a Reply