मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने तीर्थ नगरी में आनंद धर्मशाला ट्रस्ट का किया लोकार्पण

Spread the love

अमित गुप्ता

हरिद्वार। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज हरिद्वार में श्री आनंद धर्मशाला ट्रस्ट द्वारा निर्मित नव निर्मित धर्मशाला का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे मुख्यमंत्री ने समाज सेवा, सांस्कृतिक संरक्षण और धार्मिक जागरण के क्षेत्र में ट्रस्ट के योगदान की सराहना की। इस अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा तथा सुरक्षा बलों में इस समाज के लोगों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल तथा अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को मजबूत बना रहे हैं। उन्होंने आनंद धर्मशाला को सेवा, समर्पण और परोपकार का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह धर्मशाला आने वाले समय में श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए महत्वपूर्ण केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि हरिद्वार भारत की आध्यात्मिक चेतना और सनातन संस्कृति का प्रमुख केंद्र है, जहां देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु मां गंगा की गोद में आस्था और आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करते हैं।  मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण एक पुण्य कार्य है, जो आगामी कुंभ और चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी साबित होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए राज्य सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में कार्य कर रही है। घाटों के पुनरुद्धार, सड़क व्यवस्था, स्वच्छता, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर तेजी से काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की सनातन संस्कृति को वैश्विक पहचान मिली है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण, केदारनाथ और बद्रीनाथ धाम पुनर्विकास, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर तथा महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखंड में भी केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों के मंदिरों के सौंदर्यीकरण और पुनर्विकास के कार्य जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार देवभूमि उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सनातन मूल्यों और सामाजिक समरसता की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने समान नागरिक संहिता को राज्य में लागू किए जाने को ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि इससे सभी नागरिकों को समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित होगा।

कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हरी चेतना नंद महाराज, मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, विनय रोहिला, विशाल पटेल, संतोष पटेल, आशाराम सिसोदिया, सीताराम पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए ट्रस्टी, संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *