आर. के. जोशी
राजस्थान। सरदारशहर क्षेत्र के सवाई बड़ी गांव के प्रख्यात ज्योतिष विद्वान एवं पूर्व प्रधानाध्यापक पंडित गोवर्धनलाल उपाध्याय के निधन से पूरे क्षेत्र में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन को समाज ने एक अपूरणीय क्षति बताया है। पं. गोवर्धनलाल उपाध्याय पंचांग ज्योतिष के क्षेत्र में विशेष पहचान रखते थे। उनके द्वारा तैयार किया गया “गोवर्धनधारी पंचांग” क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में अत्यंत लोकप्रिय था। वे ज्योतिष के गहन अध्येता होने के साथ-साथ सरल, सौम्य और सादगीपूर्ण व्यक्तित्व के धनी थे। शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान उल्लेखनीय रहा। वे पूर्व प्रधानाध्यापक के रूप में लंबे समय तक सेवाएं देते हुए विद्यार्थियों को शिक्षा और संस्कार प्रदान करते रहे। सेवानिवृत्ति के बाद भी वे समाज सेवा और ज्योतिष अध्ययन में सक्रिय रहे। गत वर्ष आयोजित एक पांडित्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन समारोह में उन्हें “ज्योतिष भूषण” की उपाधि से सम्मानित किया गया था, जो उनकी विद्वता और समर्पण का प्रतीक है। उनके पिता स्वर्गीय लादूराम उपाध्याय भी क्षेत्र के प्रतिष्ठित ज्योतिष विद्वान थे, जिनकी परंपरा को उन्होंने आगे बढ़ाया। पं. उपाध्याय के निधन पर क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, सामाजिक संगठनों और आमजन ने गहरी संवेदना व्यक्त की है। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं शोकाकुल परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की है। उनका निधन केवल एक व्यक्ति की क्षति नहीं, बल्कि एक युग के अंत के रूप में देखा जा रहा है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।











Leave a Reply