पत्रकारों की लंबित मांगों को लेकर श्रमजीवी पत्रकार संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने की मुलाकात
एन. बंसल
दिल्ली/चंडीगढ़। पत्रकारों की सुरक्षा और उनकी लंबित मांगों को लेकर श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने सोनीपत के सांसद सतपाल ब्रह्मचारी से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने सहित पत्रकारों की विभिन्न लंबित मांगों को संसद में उठाने का आग्रह किया। डॉ. इंदु बंसल जैन ने सांसद सतपाल ब्रह्मचारी को पत्रकारों के समक्ष लगातार सामने आ रही चुनौतियों और उनकी सुरक्षा से जुड़े विषयों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, लेकिन समाचार संकलन और जनहित के मुद्दों को उठाने के दौरान कई बार उन्हें दबाव, धमकी और हमलों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून की आवश्यकता है। सांसद सतपाल ब्रह्मचारी ने पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में पत्रकारों की सुरक्षा के लिए कानून लागू करना बेहद आवश्यक हो गया है। उन्होंने कहा कि पत्रकारों पर आए दिन होने वाले हमले गंभीर और चिंताजनक विषय हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह पत्रकार सुरक्षा कानून की मांग को जल्द ही संसद में उठाएंगे और इस मुद्दे को प्रमुखता से रखने का प्रयास करेंगे। इस दौरान डॉ. इंदु बंसल जैन ने हरिद्वार में आयोजित पत्रकार सम्मेलन के दौरान सांसद सतपाल ब्रह्मचारी द्वारा पत्रकारों को दिए गए सम्मान एवं सहयोग के लिए श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की ओर से उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और उनके अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर संघ लगातार आवाज उठाता रहेगा तथा पत्रकारों की जायज मांगों को सरकार और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा।












Leave a Reply