अमित कुमार
हरिद्वार। आगामी कांवड़ यात्रा एवं कुंभ मेले को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने रिंग रोड परियोजना के अंतर्गत बहादराबाद बाईपास से जगजीतपुर तक निर्माणाधीन फ्लाईओवर कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था और ठेकेदारों को निर्देश दिए कि 30 जून तक पूर्ण किए जा सकने वाले सभी कार्यों को निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले के दौरान किसी भी प्रकार के सड़क निर्माण कार्य की अनुमति नहीं होगी, इसलिए सभी आवश्यक कार्य समय रहते पूरे किए जाना बेहद जरूरी है।जिलाधिकारी ने निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने तथा मिट्टी ढुलाई हेतु डंपरों की संख्या में वृद्धि करने के निर्देश दिए। उन्होंने फ्लाईओवर निर्माण में आ रही बाधाओं, भूमि संबंधी मामलों, वृक्ष कटान तथा अन्य तकनीकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर भी जोर दिया।
मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा और आगामी कुंभ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए फ्लाईओवर परियोजना का समय पर पूरा होना अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी अधिकारियों और ठेकेदारों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उप मेला अधिकारी एवं एसएलओ आकाश जोशी, एनएचएआई के प्रोजेक्ट निदेशक विशाल गोयल, ठेकेदार नरेश मंगला, सालवान सिंह गुलेरिया सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











Leave a Reply