ग्रामीण सेवा शिविर में दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों को मिला योजनाओं का लाभ

Spread the love

आर. के. जोशी

नोहर। राजस्थान सरकार द्वारा आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर के तहत राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, धानसिया में दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। शिविर का आयोजन नोहर उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली के निर्देशानुसार किया गया। शिविर का संचालन प्रभारी खुईयां नायब तहसीलदार रामसिंह थालौड़ के नेतृत्व में संपन्न हुआ। दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण तथा राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, हनुमानगढ़ के परिचालक रमेश कुमार के विशेष प्रयासों से चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से तीन दिव्यांगजनों को यूडीआईडी (UDID) कार्ड वितरित किए गए। वहीं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम के सहयोग से दिव्यांगजन, वृद्धजन एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित विभिन्न श्रेणियों के 50 लाभार्थियों को मौके पर ही रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड प्रदान किए गए। इस अवसर पर लाभार्थियों को अधिक से अधिक रोडवेज बसों में यात्रा कर तीर्थ यात्रा सहित सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। शिविर के दौरान हरबंस लाल सहारण द्वारा चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से विभिन्न श्रेणियों के चार ऐसे दिव्यांगजनों को चिन्हित किया गया, जो अभी तक दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित थे। इनके लिए जिला चिकित्सालय, हनुमानगढ़ टाउन की मेडिकल टीम की उपस्थिति में आवश्यक जांच प्रक्रिया पूर्ण कर आगामी दिनों में दिव्यांग मेडिकल प्रमाण-पत्र उपलब्ध करवाया जाएगा। इसके अलावा रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड से वंचित पात्र व्यक्तियों के आवेदन भी मौके पर ही तैयार कराए गए। कुल 13 आवेदन प्राप्त कर निगम की पास शाखा को भेजे गए, ताकि उन्हें शीघ्र लाभान्वित किया जा सके। खुईयां नायब तहसीलदार रामसिंह थालौड़, धानसिया पंचायत प्रशासक गोपाल सिंह तथा राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य सुरेश कुमार पंवार ने लाभार्थियों को स्मार्ट कार्ड वितरित करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लेने की अपील की। साथ ही दिव्यांग सेवक एवं सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण तथा निगम परिचालक रमेश कुमार द्वारा किए जा रहे समाजसेवी कार्यों की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। मौके पर ही रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड प्राप्त होने से दिव्यांगों एवं वरिष्ठ नागरिकों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। लाभार्थियों ने राजस्थान सरकार, स्थानीय प्रशासन एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम, हनुमानगढ़ का धन्यवाद ज्ञापित किया। शिविर में खुईयां नायब तहसीलदार रामसिंह थालौड़, पंचायत प्रशासक गोपाल सिंह, प्रधानाचार्य सुरेश कुमार पंवार, ग्राम विकास अधिकारी मुखराम सुथार, पंचायत समिति स्टाफ, विद्यालय स्टाफ, पंचायत कर्मियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, दिव्यांगजन एवं वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *