पुण्यतिथि को बनाया जनसेवा का माध्यम, ग्रामीणों के लिए लगा हेल्थ कैंप

Spread the love

पी.के.गुप्ता

गयाजी। महारानी बस सर्विस की ऑनर स्वर्गीय वीणा सिंह की द्वितीय पुण्यतिथि के अवसर पर ग्राम कोइली में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री अखिलेश्वर प्रसाद सिंह एवं जीविका हॉस्पिटल, गयाजी के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने पहुंचकर स्वास्थ्य जांच कराई और चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया। चिकित्सा शिविर का संचालन डॉ. प्रिया शाही की देखरेख में किया गया। इस अवसर पर डॉ. निमलीका, डॉ. दीपशिखा काव्य, डॉ. विजेन्द्र कुमार, डॉ. टी. शर्मा, डॉ शर्मा, डॉ. पवन त्रिपाठी, डॉ. हिमांशु सहित कई चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया तथा नि:शुल्क दवाइयों का वितरण भी किया। इस मौके पर डॉ. प्रिया शाही ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर लोगों के लिए बेहद लाभकारी साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने से गंभीर बीमारियों का समय रहते पता चल जाता है और सही उपचार संभव हो पाता है। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की अपील भी की। शिविर के दौरान दूर-दराज से आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए जलपान की भी व्यवस्था की गई थी, ताकि भीषण गर्मी में किसी को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला और लोगों ने इसे सराहनीय पहल बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *