सुमेर सिंह
नोहर। एंजल पब्लिक स्कूल के सभागार में आज सीबीएसई दसवीं कक्षा परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं ज्ञानवर्धक पुस्तकें भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अतिथि राजकीय चिकित्सालय प्रभारी डॉ. हंसराज शर्मा, श्री गौरीशंकर बिहानी राजकीय कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सरोज न्यौल, संयुक्त व्यापार संघ अध्यक्ष संजय मोदी, नोहर गौशाला अध्यक्ष राजेंद्र थिरानी, पूज्य सिन्धी पंचायत के जिलाध्यक्ष हरीश वाधवानी, डॉ. रीना चौहान, गुरुनानक देव जी सेवा समिति के सचिव अवतार सिंह तथा समाजसेवी हनुमान प्रसाद व्यास उपस्थित रहे।
विद्यालय प्रबंध समिति की और से एडवोकेट के. एल मित्रुका ने बताया कि पिछले 20 वर्षों से विद्यालय निरंतर श्रेष्ठ परिणाम देता रहा है तथा इसी क्रम में इस वर्ष भी तहसील में सर्वाधिक 9 बच्चों ने 90% से अधिक अंक प्राप्त किए है तथा विद्यालय का पूरा परिणाम 5 मुख्य विषयों पर आधारित है। विद्यालय के मेधावी विद्यार्थियों में वैभव को 95.4%, प्रियांशु को 95%, ईशा अग्रवाल को 94.2%, रौनक साहेवाल को 94.6%, प्रीतिका को 93.4%, पार्थ दातवानी को 93%, महिमा को 92.2%, नव्या शर्मा को 91.6% तथा ऋषभ सोनी को 91.6% अंक प्राप्त कर को उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके अलावा 80 से 90% की श्रेणी में अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा कक्षा में नियमित उपस्थित रहने पर कनिष्क शर्मा एवं आतिका को सम्मानित किया गया। डॉ.हंसराज शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पण से सफलता प्राप्त होती है।संजय मोदी ने छात्र जीवन में अनुशासन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए शिक्षा के महत्व पर विचार व्यक्त किए। डॉ.सरोज न्यौल ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी प्रकार श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। हरीश वाधवानी ने विद्यालय की गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा विद्यालय में शिक्षक छात्रों को सिर्फ शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास की राह पर ले जाते है। विद्यालय के तीन पूर्व छात्रों युवा व्यवसाई अंकुर खदरिया, सीए अतुल अग्रवाल एवं आईआईटीयन लवीश कंदोई ने छात्रों से विद्यालय से जुड़े अपने संस्मरण साझा करते हुए छात्रों को प्रोत्साहित किया तथा कम अंक प्राप्त करने वाले छात्रों से भविष्य में बेहतर प्रदर्शन करने का आवाहन किया। विद्यालय प्रबंधन द्वारा सभी अध्यापकों का भी सम्मान किया गया।विद्यालय निदेशिका श्रीमती शशि कला माहेश्वरी एवं प्रधानाध्यापक पंकज सिंह ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों को बधाई दी तथा कहा कि विद्यालय सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं संस्कारों के माध्यम से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक तथा अभिभावक उपस्थित रहे।












Leave a Reply