स्व. संतोष तिवाड़ी की स्मृति में गौ सेवा का अनूठा संकल्प, गौशाला को भेंट किए एक लाख रुपये

Spread the love

प्रदीप शर्मा

नोहर। क्षेत्र में गौसेवा और सामाजिक सरोकारों की प्रेरणादायक मिसाल उस समय देखने को मिली जब स्वर्गीय संतोष कुमार तिवाड़ी की स्मृति में उनके पुत्रों ने गौमाता की सेवा के लिए श्री कल्याण द्वार गौशाला को एक लाख रुपये की सहयोग राशि भेंट की। स्व. संतोष कुमार तिवाड़ी के देवलोक गमन के उपरांत उनकी आत्मिक शांति की कामना को लेकर उनके सुपुत्र रामदेव तिवाड़ी एवं अनिल तिवाड़ी ने यह सहयोग राशि गौशाला समिति को सौंपी। तिवाड़ी परिवार की इस पहल को क्षेत्र में सेवा, संस्कार और गौभक्ति का प्रेरणादायक उदाहरण माना जा रहा है। गौशाला समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि स्व. संतोष कुमार तिवाड़ी का गौशाला से वर्षों पुराना जुड़ाव रहा है। वे समय-समय पर गौमाता की सेवा, चारे की व्यवस्था तथा धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सदैव बढ़-चढ़कर सहयोग करते थे। समिति ने कहा कि उनके निधन से क्षेत्र ने एक सेवाभावी, धार्मिक और सरल स्वभाव के व्यक्ति को खो दिया है। समिति सदस्यों ने तिवाड़ी परिवार द्वारा दी गई सहयोग राशि को स्व. संतोष कुमार तिवाड़ी के संस्कारों और सेवा भावना का प्रतिबिंब बताते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग से ही गौशालाओं का संचालन सुचारु रूप से संभव हो पाता है तथा ऐसे सहयोग से गौमाता के चारे-पानी एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को मजबूती मिलती है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने स्व. संतोष कुमार तिवाड़ी को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सामाजिक योगदान को याद किया तथा तिवाड़ी परिवार के इस पुनीत कार्य की सराहना की। समिति सदस्यों ने दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिवार को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *