ए. गुप्ता
हरिद्वार। महाकाली वाहिनी की राष्ट्रीय समन्वयक डॉ. उदिता त्यागी ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में महाकाली ही हिंदू महिलाओं की सच्ची आदर्श हो सकती हैं। प्रेस क्लब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि महाकाली वाहिनी प्रत्येक हिंदू महिला को राजनीतिक, जातिगत और संस्थागत स्वार्थों व अहंकार से ऊपर उठकर अपने परिवार तथा अस्तित्व की रक्षा के लिए प्रेरित करेगी। डॉ. उदिता त्यागी ने कहा कि आज हिंदू महिलाओं और उनके परिवारों पर कई तरह के संकट मंडरा रहे हैं, लेकिन उनके पक्ष में खड़े होने वाला कोई नहीं है। उन्होंने मानव धर्म का हवाला देते हुए कहा कि अपनी संतान की रक्षा करना हर नारी का प्राथमिक कर्तव्य है। देश में हिंदू महिलाओं को उनके इस मूलभूत कर्तव्य से भटकाने के लिए कई तरह के षड्यंत्र रचे जा रहे हैं, ताकि पारिवारिक व्यवस्था को कमजोर कर सनातन धर्म और राष्ट्र को चोट पहुंचाई जा सके। उन्होंने संकल्प जताया कि महाकाली वाहिनी ऐसे किसी भी षड्यंत्र को सफल नहीं होने देगी। लव जिहाद जैसे गंभीर मुद्दों पर चिंता जताते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अपराधियों को बचाने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. त्यागी ने बताया कि इन सभी विषयों पर विस्तृत रणनीति तैयार करने के लिए बुधवार से ऋषिकेश में महाकाली वाहिनी का दो दिवसीय राष्ट्रीय अधिवेशन आयोजित किया जा रहा है। इस प्रेस वार्ता के दौरान डॉ. श्वेता शर्मा, डॉ. संध्या कौशिक, मधु त्यागी और रीना त्यागी भी मुख्य रूप से उपस्थित रही।












Leave a Reply