श्री बालाजी मंदिर में मूर्ति स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने पर अखंड रामायण पाठ एवं हवन आयोजित

Spread the love

अमित कुमार

हरिद्वार। शिव विहार, आर्य नगर, ज्वालापुर स्थित श्री बालाजी मंदिर में मूर्ति स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में जनकल्याण एवं विश्व शांति के लिए अखंड रामायण पाठ एवं हवन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री राम भक्त बालाजी प्रार्थना धाम ट्रस्ट द्वारा श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि श्री बालाजी महाराज सभी भक्तों के कष्टों का निवारण करने वाले हैं। उन्होंने कहा कि पंचपुरी में स्थापित इस मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है तथा इससे सनातन धर्म की महिमा निरंतर बढ़ रही है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचीन अवधूत मंडल आश्रम के महंत-प्रबंधक महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश महाराज ने कहा कि इस मंदिर में मेहंदीपुर बालाजी की भांति भक्तों के संकटों का निवारण हो रहा है। उन्होंने कहा कि मंदिर की स्थापना एवं विकास में योगदान देने वाले ट्रस्ट के संस्थापक एवं सदस्यों को लंबे समय तक याद रखा जाएगा। ट्रस्ट के संस्थापक आर.एस. विश्वकर्मा (गुरुजी) ने कहा कि कलयुग में जागृत देवता श्री बालाजी के दर्शन मात्र से भक्तों के कष्ट एवं रोग दूर होते हैं तथा उनकी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। ट्रस्ट अध्यक्ष कुशल पाल सिंह चौहान ने कहा कि यह मंदिर नगरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है और यहां आने वाले भक्तों को आध्यात्मिक शांति एवं संकटों से मुक्ति का अनुभव होता है। ट्रस्ट के सचिव अविनेश कौशिक ने बताया कि मूर्ति स्थापना के चार वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भक्तों के कल्याण एवं संकट निवारण की भावना से इस भव्य धार्मिक आयोजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पार्षद पिंकी चौधरी, ट्रस्ट कोषाध्यक्ष आशीष ढल्ला, डॉ. के.पी.एस. चौहान, प्रवीण कुमार चौहान, नरेंद्र कुमार ढल्ला, गोपाल सिंह, हरीश कुमार बाली, विनीत सैनी, मुकेश जैन, मोतीलाल, राजेंद्र सिंह, योगेश चौहान, अरुण चुघ, विनीत चौहान, रामविलास कुशवाहा, अतुल चौहान, सीमा चौहान, सुषमा चौहान एवं वैभव दत्त सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *