खुईयां और धानसिया में रोडवेज रियायती स्मार्ट कार्ड व दिव्यांग चिन्हीकरण शिविर आयोजित, 120 आवेदन जमा

Spread the love

पंकज कुमार जोशी

नोहर। नोहर उपखंड अधिकारी राहुल श्रीवास्तव एवं राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम (RSRTC) हनुमानगढ़ के मुख्य प्रबंधक हामिद अली के निर्देशानुसार क्षेत्र में जन-जागरूकता और लोक-कल्याण के लिए विशेष शिविरों का आयोजन किया गया। इसके तहत बुधवार को ग्राम पंचायत धानसिया और गुरुवार को ग्राम पंचायत खुईयां में ‘रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड आवेदन एवं दिव्यांग चिन्हीकरण जागरूकता शिविर’ लगाए गए।

खुईयां और धानसिया में उमड़े ग्रामीण, 120 आवेदन प्रेषित

शिविर में दिव्यांग एवं जनकल्याण सेवा समिति के अध्यक्ष व सामाजिक कार्यकर्ता हरबंस लाल सहारण और हनुमानगढ़ डिपो की पास शाखा प्रभारी सरिता ने ग्रामीणों को केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। खुईयां ग्राम पंचायत में आयोजित शिविर में आवश्यक कागजी औपचारिकताएं मौके पर ही पूरी करते हुए विभिन्न श्रेणियों के 50 आवेदन तैयार कर निगम की पास शाखा को भेजे गए।धानसिया ग्राम पंचायत: इससे पूर्व धानसिया में आयोजित शिविर के दौरान कुल 70 आवेदन लिए गए। इन आवेदनों के जरिए पात्र लाभार्थियों को आगामी दिनों में रोडवेज रियायती यात्रा स्मार्ट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। प्रशासन की इस त्वरित कार्यवाही की आमजन ने काफी सराहना की।

5 दिव्यांगों का हुआ चिन्हीकरण, मेडिकल सर्टिफिकेट के लिए प्रक्रिया शुरू

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से लगाए गए इस शिविर में उन दिव्यांगों को चिन्हित किया गया, जिनके पास अभी तक मेडिकल प्रमाण-पत्र (Disability Certificate) नहीं थे। इसके तहत खुईयां में 2 और धानसिया में 3 सहित कुल 5 दिव्यांगों का चिन्हीकरण किया गया, ताकि उन्हें जल्द से जल्द सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। शिविर में दिव्यांगों, वृद्धजनों और वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में सुरक्षित और रियायती यात्रा करने के लिए प्रेरित भी किया गया।

अधिकारियों ने पुनीत कार्य को सराहा

खुईयां के नायब तहसीलदार रामसिंह थालोड़, पंचायत प्रशासक सुमैरसिंह राठौड़, धानसिया पंचायत प्रशासक गोपालसिंह राठौड़ और ग्राम विकास अधिकारी मुखराम सुथार ने रोडवेज टीम और समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण के इस प्रयास की सराहना की। अधिकारियों ने बुजुर्गों और दिव्यांगों से अपील की कि वे सरकार की इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। समिति अध्यक्ष हरबंस लाल सहारण ने बताया कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य अंतिम पायदान पर बैठे उन लोगों को लाभान्वित करना है, जो जानकारी के अभाव में अब तक रियायती स्मार्ट कार्ड या मेडिकल प्रमाण-पत्र से वंचित थे। इस अवसर पर कनिष्ठ सहायक श्रवण कासनियां, खुईयां पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि गजेंद्रसिंह, ताल्लुका विधिक सेवा समिति नोहर के अधिकार मित्र पवन कुमार बारूपाल (सुरजनसर), सेवानिवृत्त अध्यापक ओमप्रकाश कोलासर, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खुईयां के बीएलओ कमरुद्दीन, श्री गणेश स्कूल के संचालक रमेश पारीक, चौधरी पेस्टिसाइड के संचालक मांगीलाल सहू, समाजसेवी इंद्राज सारसर सहित पंचायत स्टाफ, ग्रामीण, वृद्धजन और दिव्यांगजन उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *