विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गुरुजनों का किया सम्मान, शिक्षा और संस्कारों का दिया संदेश

Spread the love

गुरु पूर्णिमा पर ग्रीन फील्ड ई-स्कूल में संस्थापक स्व. डॉ. पी.एन.पी. मौर्य को भावभीनी श्रद्धांजलि

पी.के.गुप्ता

गयाजी। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर गया-फतेहपुर रोड स्थित ग्रीन फील्ड ई-स्कूल में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन से हुई, जिसके बाद विद्यालय के संस्थापक एवं पूर्व निदेशक स्वर्गीय डॉ. पी.एन.पी. मौर्य की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने शिक्षा के क्षेत्र में स्व. डॉ. मौर्य के अमूल्य योगदान, अनुशासन, संस्कारों और उनकी प्रेरणादायी कार्यशैली को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित विशेष प्रार्थना सभा में विद्यार्थियों को गुरु पूर्णिमा के महत्व से अवगत कराया गया। वक्ताओं ने कहा कि गुरु केवल ज्ञान के स्रोत ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से गुरुजनों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव बनाए रखने का आह्वान किया। इस दौरान स्व. डॉ. पी.एन.पी. मौर्य के प्रेरणादायी जीवन, शिक्षा के प्रति उनके समर्पण और आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को उनके बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने भाषण, भक्ति गीत, कविताओं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपने शिक्षकों तथा विद्यालय के संस्थापक को श्रद्धांजलि अर्पित की। छात्र-छात्राओं ने शिक्षकों को हस्तनिर्मित शुभकामना-पत्र, पुष्प एवं शुभकामना संदेश भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया। शिक्षकों ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए जीवन में ईमानदारी, अनुशासन, उत्कृष्टता और निरंतर सीखने की भावना को अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का समापन प्रेरणादायी एवं भावपूर्ण वातावरण में हुआ। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गुरु के प्रति सच्ची श्रद्धा तभी सार्थक होती है, जब उनके आदर्शों, मूल्यों और शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात कर उनके सपनों को समर्पण और निष्ठा के साथ आगे बढ़ाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *