अमित कुमार
हरिद्वार। समाजसेवा, कला, साहित्य एवं संस्कृति को समर्पित संस्था नर्मदा आह्वान सेवा समिति, नर्मदापुरम द्वारा प्रेस क्लब सभागार में अखिल भारतीय काव्य महोत्सव एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संयोजन कैप्टन किशोर करैया तथा अध्यक्षता वरिष्ठ पत्रकार एवं कवि बृजेंद्र हर्ष ने की। कार्यक्रम में दिल्ली से पधारी मुख्य अतिथि अनुराधा पाण्डेय, विशिष्ट अतिथि अनिल मिश्र, विजय बागरी और सुनील केहरी सहित देश के विभिन्न राज्यों से आए 35 से अधिक कवियों और कवयित्रियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।कार्यक्रम का शुभारंभ देवाशीष अग्रवाल एवं आराध्य अग्रवाल द्वारा सरस्वती वंदना और स्वागत गीत से हुआ। स्वागत भाषण में कैप्टन किशोर करैया ने सभी अतिथियों और साहित्यकारों का अभिनंदन किया। काव्य पाठ का शुभारंभ युवा कवि अवनीत आज़ाद ने अपनी प्रभावशाली रचना से किया। इसके बाद ओज कवयित्री अपराजिता उन्मुक्त, रोशनी रावत, डॉ. शिरीष अग्रवाल, सुधीर गुप्ता, अभिलाषा स्नेह, प्रियंका पटेल और अनमोल चौहान सहित अनेक रचनाकारों ने प्रेम, राष्ट्रभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सरोकारों पर आधारित कविताओं का पाठ किया। मुख्य अतिथि अनुराधा पाण्डेय ने अपने संबोधन में कहा कि कविता ईश्वर का विशेष प्रसाद है, जो हर किसी को प्राप्त नहीं होता। उन्होंने नर्मदा आह्वान सेवा समिति और कैप्टन किशोर करैया के साहित्यिक एवं सामाजिक प्रयासों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर ब्रजेश शर्मा, अशोक श्रीवास्तव, अमित बिल्लौरे, डॉ. शिरीष अग्रवाल, रामलखन सिंह, शिवानंद पटेल, अनिल कुमार, सुधीर गुप्ता, कविता राजपूत, अरविंद दुबे, सुभाष सिंह, मीरा पटेल, डॉ. प्रद्युम्न कुमार मिश्र सहित अनेक साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे।कार्यक्रम के समापन पर नर्मदा आह्वान सेवा समिति द्वारा सभी प्रतिभागी कवियों एवं कवयित्रियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर “साहित्य मनीषी सम्मान” से सम्मानित किया गया। समारोह साहित्य, संस्कृति और रचनात्मक अभिव्यक्ति का एक यादगार संगम साबित हुआ।











Leave a Reply