अमित गुप्ता
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने केंद्र की भाजपा सरकार पर देश की शिक्षा प्रणाली को पूरी तरह ध्वस्त करने का आरोप लगाया है। हरिद्वार प्रेस क्लब में आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि देश में बार-बार हो रहे पेपर लीक के कारण प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले लाखों अभ्यर्थी आज पूरी तरह हताश और निराश हो चुके हैं।
युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़
आलोक शर्मा ने नीट (NEET) परीक्षा का उदाहरण देते हुए कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक ने ईमानदारी से वर्षों तक कड़ी मेहनत करने वाले छात्रों के जीवन को अंधकार में धकेल दिया है। सरकार युवाओं के साथ सीधे तौर पर धोखा कर रही है। उन्होंने तीखा सवाल दागते हुए कहा:
“देश में लगातार पेपर लीक हो रहे हैं, लेकिन सरकार में कोई भी इसकी जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है। नकल माफिया पूरी शिक्षा व्यवस्था को दीमक की तरह चाट रहे हैं। क्या इन नाकामियों के चलते देश के शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त किया जाएगा?”
अंकिता भंडारी मामले और भाजपा नेतृत्व पर उठाए सवाल
पत्रकार वार्ता के दौरान कांग्रेस प्रवक्ता ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तराखंड दौरे पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने मांग की कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि प्रदेश की बेटी अंकिता भंडारी हत्याकांड की जांच आखिरकार कहां तक पहुंची है? उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी ही देश को ‘विश्व गुरु’ बना सकती है, लेकिन वर्तमान सरकार में युवाओं का भविष्य ही अंधेरे में है।
नकल माफिया पर नकेल कसने में नाकाम रही सरकार
इस दौरान वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी और संजय सैनी ने भी सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक होना और उस पर अंकुश न लगा पाना सरकार की सबसे बड़ी नाकामी है। नकल माफियाओं के हौसले बुलंद हैं और सरकार उन पर नकेल कसने में पूरी तरह फेल साबित हुई है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि देश की युवा पीढ़ी के भविष्य के साथ यह खिलवाड़ अब तुरंत बंद होना चाहिए।












Leave a Reply