बोधगया में अग्निवीर भर्ती की तैयारी तेज, मगध विश्वविद्यालय परिसर का अधिकारियों ने किया निरीक्षण

Spread the love

पी. के. गुप्ता

बोधगया। अग्निवीर सेना भर्ती को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में मगध विश्वविद्यालय परिसर में प्रस्तावित भर्ती स्थल का मंगलवार को अधिकारियों द्वारा गहन निरीक्षण किया गया।निरीक्षण दल में सेना भर्ती निदेशक कर्नल आर. मदन मोहन, जिलाधिकारी शशांक शुभंकर, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार एवं सिविल सर्जन राजाराम प्रसाद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल थे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, प्रवेश-निकास मार्ग, पार्किंग, मेडिकल जांच स्थल, शारीरिक दक्षता परीक्षा मैदान, पेयजल, शौचालय एवं प्रतीक्षा क्षेत्र का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि भर्ती प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो और सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी कर ली जाएं। कर्नल आर. मदन मोहन ने बताया कि 05 मार्च 2026 से 20 मार्च 2026 तक अग्निवीर भर्ती के तहत चयन प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई जाएगी। युवाओं से दलालों और अफवाहों से बचने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि केवल निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से ही चयन होगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने बताया कि भर्ती के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। परिसर में सीसीटीवी कैमरों एवं निगरानी टीम के माध्यम से लगातार नजर रखी जाएगी। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष योजना तैयार करने की जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि बड़ी संख्या में युवाओं के आने की संभावना को देखते हुए मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आपातकालीन सेवाओं की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के लिए ‘जीविका दीदी की रसोई’ की व्यवस्था भी की जाएगी। इस भर्ती अभियान के माध्यम से भारतीय सेना में सेवा करने का सपना देख रहे युवाओं को बेहतर अवसर मिलेगा। निरीक्षण के बाद अधिकारियों ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने पर जोर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *