नोहर के डॉ. हंसराज शर्मा को मिला ‘IMA Pride 2026’ राज्यस्तरीय सम्मान

Spread the love

उत्कृष्ट चिकित्सा सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं के लिए हुए सम्मानित

आर.के.जोशी

नोहर। नोहर राजकीय उपजिला चिकित्सालय के प्रभारी एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. हंसराज शर्मा को उनकी उत्कृष्ट चिकित्सा सेवाओं, समर्पण और मानवीय सेवा भावना के लिए प्रतिष्ठित ‘IMA Pride 2026’ राज्यस्तरीय सम्मान से सम्मानित किया गया। यह सम्मान जयपुर स्थित सवाई मान सिंह मेडिकल कॉलेज के ऑडिटोरियम में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) द्वारा आयोजित राज्यस्तरीय सम्मान समारोह में प्रदान किया गया। समारोह में प्रदेशभर से चयनित चिकित्सकों को स्वास्थ्य सेवाओं में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। डॉ. हंसराज शर्मा को चिकित्सा क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य और मरीजों के प्रति समर्पित सेवाओं के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. शर्मा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि उनके प्रत्येक मरीज के विश्वास, सहयोगी चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, स्वास्थ्यकर्मियों और परिवार के अटूट सहयोग का सम्मान है। उन्होंने कहा कि एक चिकित्सक के लिए सबसे बड़ा पुरस्कार मरीज के चेहरे पर लौटती मुस्कान होती है। उन्होंने कहा कि समाज और चिकित्सा जगत से मिलने वाला सम्मान जिम्मेदारियों को और बढ़ा देता है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि भविष्य में भी उन्हें इसी निष्ठा, संवेदनशीलता और समर्पण के साथ मानव सेवा करने की शक्ति मिलती रहे। डॉ. शर्मा ने इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) का आभार व्यक्त करते हुए अपने वरिष्ठजनों, सहयोगियों, शुभचिंतकों और मरीजों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि मरीजों के विश्वास और स्नेह ने ही उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा, “सम्मान मंज़िल नहीं, बल्कि समाज के प्रति और अधिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ने की नई प्रेरणा है।” डॉ. हंसराज शर्मा को मिले इस राज्यस्तरीय सम्मान पर नोहर क्षेत्र में खुशी की लहर है। विभिन्न सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए इसे पूरे क्षेत्र और चिकित्सा जगत के लिए गौरव का विषय बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *