विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा, राजनीतिक दलों के साथ प्रशासन की बैठक

Spread the love

हरिद्वार में गणना प्रपत्रों का शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन पूरा, दलों ने जताया संतोष

वाणी

हरिद्वार। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन को लेकर आज जिला कार्यालय सभागार में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक का आयोजन जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में किया गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरने, उन्हें संकलित करने तथा उनका शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से संपन्न कराई गई है, जिससे मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य सुचारु रूप से आगे बढ़ सके।

बैठक में उपस्थित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत गणना प्रपत्रों के शत-प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण होने पर संतोष व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की और आभार व्यक्त किया। बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी हरिद्वार के अध्यक्ष बालेश्वर सिंह, जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, सीपीआई (एम) के जिला कमेटी सदस्य राजीव गर्ग, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला सूचना अधिकारी रतिलाल शाह सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *