17 जुलाई को परेड ग्राउंड में छात्रों से संवाद करेंगे राहुल गांधी, हरिद्वार से बड़ी भागीदारी का लक्ष्य
अमित कुमार
हरिद्वार। नेता प्रतिपक्ष के 17 जुलाई को देहरादून में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर युवा कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम की सफलता सुनिश्चित करने के लिए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विशाल सिंह भोजक ने ऋषिकुल स्थित कांग्रेस कार्यालय में हरिद्वार के पदाधिकारियों की बैठक ली और जिम्मेदारियां सौंपीं।
बैठक में विशाल सिंह भोजक ने बताया कि देहरादून के परेड ग्राउंड में राहुल गांधी छात्रों और युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ कांग्रेस का देशव्यापी अभियान है, जिसके माध्यम से शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जा रहा है। इसकी शुरुआत राजस्थान के कोटा से हुई थी और अब यह अभियान उत्तराखंड पहुंच रहा है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में नीट समेत विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने, भर्ती प्रक्रियाओं में देरी, छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव, महंगी शिक्षा और कोचिंग व्यवस्था तथा डिग्री के बाद भी रोजगार नहीं मिलने जैसे मुद्दों पर राहुल गांधी छात्रों से चर्चा करेंगे।
श्री भोजक ने कहा कि कांग्रेस इस अभियान के जरिए परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार, पेपर लीक की जवाबदेही तय करने, परीक्षाओं और सरकारी भर्तियों के लिए वार्षिक कैलेंडर लागू करने तथा छात्रों के हितों की रक्षा से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में करीब 20 हजार युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अभियान के समर्थन में डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से भी छात्रों को जोड़ा जा रहा है। देहरादून के बाद प्रयागराज, पटना और दिल्ली में भी इसी तरह के संवाद कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता सोम त्यागी, मनोज सैनी, युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव दिव्यांश अग्रवाल, महानगर अध्यक्ष अंकुर सैनी, महानगर महासचिव सार्थक ठाकुर, ब्लॉक अध्यक्ष यश शर्मा, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष विकास चंद्रा, समर्थ अग्रवाल, सागर बेनीवाल, निखिल सौदाई, आशु श्रीवास्तव, राव शादाब सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।












Leave a Reply