स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के स्वच्छता पखवाड़े के तहत जीवनवाला में चला विशेष सफाई अभियान, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने लिया स्वच्छता का संकल्प
अमित कुमार
देहरादून। स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय एवं हिमालय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में दशमेश दरबार चाली मुक्ते, फतेहपुर, माजरी और जीवनवाला परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वच्छता का संदेश दिया।कार्यक्रम का नेतृत्व विश्वविद्यालय की उपाध्यक्ष एवं लेखक गांव की निदेशक विदुषी ‘निशंक’ ने किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल व्यक्तिगत आदत नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और सामूहिक जिम्मेदारी का विषय है। जब समाज स्वयं स्वच्छता के लिए आगे आता है, तभी स्वच्छ, स्वस्थ और संस्कारित भारत का निर्माण संभव हो पाता है। उन्होंने युवाओं से स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
ग्राम पंचायत जीवनवाला के प्रधान गुरजीत सिंह (लाडी) ने विश्वविद्यालय की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस प्रकार के जनजागरूकता अभियान समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाए। अभियान के दौरान परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में व्यापक साफ-सफाई की गई। साथ ही उपस्थित सभी लोगों ने स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने और निरंतर जनसहभागिता के साथ इसे आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के संयुक्त निदेशक डॉ. प्रदीप कोठियाल, चेतन गौड़, डॉ. उर्वशी सेमवाल, देवेश्वरी, ग्राम पंचायत जीवनवाला के ग्रामीण, विश्वविद्यालय के छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।












Leave a Reply