राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा बोले— हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में हो जांच, नहीं तो होगा आंदोलन
अमित गुप्ता
हरिद्वार। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता आलोक शर्मा ने बदरीनाथ धाम में कथित चढ़ावा चोरी, आगामी अर्द्धकुंभ के निर्माण कार्यों और सतीकुंड सौंदर्यीकरण परियोजना को लेकर उत्तराखंड सरकार से श्वेत पत्र जारी करने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और सरकार को इन मामलों पर जनता के सामने पूरी जानकारी रखनी चाहिए। आर्य नगर चौक स्थित एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में आलोक शर्मा ने कहा कि अयोध्या राम मंदिर के बाद अब केदारनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामले सामने आए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एसआईटी जांच के नाम पर केवल छोटे लोगों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों को बचाया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि मामले की जांच हाईकोर्ट के सिटिंग जज की निगरानी में कराई जाए और पिछले 10 वर्षों में उत्तराखंड के चारों धामों में प्राप्त दान एवं चढ़ावे का पूरा ब्यौरा श्वेत पत्र के माध्यम से सार्वजनिक किया जाए।अर्द्धकुंभ की तैयारियों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि जनता का पैसा जनता के हित में खर्च होना चाहिए। अस्थायी कार्यों की बजाय स्थायी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए तथा सभी कार्य पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से, केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कराए जाएं। उन्होंने अर्द्धकुंभ निर्माण कार्यों की निगरानी के लिए प्रशासन, सरकार और विपक्ष के प्रतिनिधियों को शामिल करते हुए एक मॉनिटरिंग कमेटी गठित करने की भी मांग की। सतीकुंड के सौंदर्यीकरण और निर्माण कार्यों को लेकर उन्होंने कहा कि इस परियोजना पर भाजपा के लोग भी सवाल उठा रहे हैं। ऐसे में सरकार को इस मामले में भी श्वेत पत्र जारी कर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। साथ ही बाहरी कंपनियों के बजाय स्थानीय कंपनियों और ठेकेदारों को प्राथमिकता देने की मांग भी की। आलोक शर्मा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार इन मुद्दों पर श्वेत पत्र जारी नहीं करती है तो कांग्रेस प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन और जन आंदोलन शुरू करेगी। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालेश्वर सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज सैनी, कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष विकास चंद्रा, मोहन राणा और राजेश मिश्रा सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












Leave a Reply