जनगणना-2027: जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के फील्ड कार्य को लेकर प्रशिक्षण संपन्न

Spread the love

25 जुलाई से 24 अगस्त तक जिले में चलेगा DCHB का फील्ड कार्य, अधिकारियों और लेखपालों को दिया गया प्रशिक्षण

एस. गुप्ता

हरिद्वार। जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में जनगणना-2027 के अंतर्गत जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (District Census Handbook-DCHB) के फील्ड कार्य के सफल संचालन को लेकर जनपद स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम संपन्न हुआ। प्रशिक्षण कार्यक्रम 21 से 24 जुलाई तक आयोजित किया गया, जिसमें जनपद के सभी चार्ज जनगणना अधिकारियों, अतिरिक्त चार्ज अधिकारियों और राजस्व उप निरीक्षकों (लेखपालों) ने प्रतिभाग किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) एवं जिला जनगणना अधिकारी वैभव गुप्ता ने की। प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, गृह मंत्रालय, भारत सरकार, उत्तराखंड, देहरादून के प्रतिनिधियों द्वारा दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को DCHB के फील्ड कार्य से संबंधित विभिन्न प्रक्रियाओं और जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई।          गृह मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशों के तहत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना (HLO) कार्य के बाद अब 25 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक जिला जनगणना हस्त पुस्तिका का फील्ड कार्य किया जाएगा। इस दौरान ग्राम निर्देशिका और नगर निर्देशिका से संबंधित आंकड़ों का संकलन एवं संवर्धन किया जाएगा।

इस प्रकार रहेगा कार्य का कार्यक्रम

– 25 जुलाई से 24 अगस्त 2026 तक: जिला जनगणना हस्त पुस्तिका (DCHB) का फील्ड कार्य।

– 25 अगस्त से 24 सितंबर 2026 तक: चार्ज अधिकारियों द्वारा संकलित आंकड़ों का सत्यापन।

– 25 सितंबर से 24 अक्टूबर 2026 तक: जिला जनगणना अधिकारी (DCO) द्वारा संकलित आंकड़ों का परीक्षण।

प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को बताया गया कि जिला जनगणना हस्त पुस्तिका के सफल क्रियान्वयन में चार्ज अधिकारी, अतिरिक्त चार्ज अधिकारी और लेखपालों की भूमिका महत्वपूर्ण है। अधिकारियों ने बताया कि पूरी प्रक्रिया डिजिटल प्रणाली के माध्यम से संचालित की जाएगी, जिससे आंकड़ों की गुणवत्ता, सटीकता और त्वरित संकलन सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। डिजिटल प्रणाली से जनगणना प्रक्रिया को अधिक प्रभावी और पारदर्शी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशिक्षण कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त निदेशक धीरेन्द्र कुमार, उप निदेशक राजू कुमार बनवारी, सहायक निदेशक संदीप कुमार, सांख्यिकी अन्वेषक ग्रेड-1 अमीर आलम, अपर सांख्यिकी अधिकारी उत्तम सिंह सहित जनगणना कार्य निदेशालय, देहरादून और जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *