भाजपा कार्यालय में पूर्व राष्ट्रपति डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, कार्यकर्ताओं ने लिया उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प
पी.के.गुप्ता
गया। भारत रत्न, पूर्व राष्ट्रपति एवं ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, गया में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। कार्यक्रम में भाजपा नेता डॉ. मनीष पंकज मिश्रा, राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता एवं गोपाल प्रसाद यादव ने कहा कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम का जीवन देश के प्रत्येक नागरिक, विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने अपने वैज्ञानिक योगदान, सादगी, राष्ट्रभक्ति और दूरदर्शी सोच से भारत को नई दिशा प्रदान की।वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम ने भारत को वैज्ञानिक और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने का सपना देखा था। उनका विश्वास था कि देश का भविष्य युवाओं के हाथों में है। आज देश के युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेकर विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए। इस दौरान उपस्थित भाजपा नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने दो मिनट का मौन रखकर डॉ. कलाम की पुण्य स्मृति को नमन किया तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि अर्पित करने वालों में राजेंद्र प्रसाद अधिवक्ता, गोपाल प्रसाद यादव, श्याम किशोर मिश्रा, संतोष ठाकुर राणा, रणजीत सिंह, सुधीर कुमार, मिहिर कुमार मिश्रा, मंटू कुमार, बबलू गुप्ता, कन्हैया कुमार सहित भाजपा के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।












Leave a Reply