श्रावस्ती में एसएसबी की बड़ी कार्रवाई, दो किलो चरस के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

Spread the love

संयुक्त अभियान में मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी बरामद, पुलिस को सौंपे गए आरोपी

पी.के.गुप्ता

भिनगा (श्रावस्ती)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 62वीं वाहिनी ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 किलोग्राम चरस के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।एसएसबी के कमांडेंट अमरेन्द्र कुमार वरुण के निर्देशन में 28 जुलाई 2026 को विश्वसनीय सूचना के आधार पर समवाय गुज्जरगौरी, 62वीं वाहिनी एसएसबी तथा पुलिस थाना सिरसिया की संयुक्त टीम ने ग्राम तालभगौड़ा-भचकाही मार्ग पर विशेष पेट्रोलिंग एवं निगरानी अभियान चलाया। अभियान का नेतृत्व सहायक उप निरीक्षक (सामान्य) मनेश कुमार ने किया। घेराबंदी के दौरान टीम ने एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोककर विधिसम्मत तलाशी ली। तलाशी के दौरान दोनों संदिग्धों के कब्जे से 2 किलोग्राम चरस, एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए। एसएसबी ने दोनों भारतीय तस्करों को मौके पर गिरफ्तार कर बरामद सामान सहित अग्रिम वैधानिक कार्रवाई के लिए पुलिस थाना सिरसिया, जनपद श्रावस्ती के सुपुर्द कर दिया।।एसएसबी 62वीं वाहिनी के अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा से लगे क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाए जा रहे हैं। वाहिनी सीमा सुरक्षा के साथ-साथ क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी सतर्कता और प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में तस्करी के नेटवर्क पर प्रभावी कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *